एक हफ्ते में टमाटर पहुंचा 30 पर
बिलासपुर. कम आवक ने टमाटर की कीमतें आसमान पर पहुंचा दी हैं। एक हफ्ते पहले 10 रुपए किलो बिकने वाला टमाटर अब 30 रुपए किलो पर जा पहुंचा है। सब्जी बाजार में इन दिनों हरी सब्जियां तो पहले की तुलना में कुछ सस्ती हुई हैं, लेकिन टमाटर के बढ़े दाम ने सब्जी शौकीनों का दम ही निकाल दिया है।
एक हफ्ते के अंदर टमाटर के दाम में तीन गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। सप्ताहभर पहले 10 से 12 रुपए किलो मिलने वाला टमाटर वर्तमान में 30 से 32 रुपए किलो बिक रहा है। सब्जी बाजार में 30 तो चौक-चौराहों की दुकानों में टमाटर 32 रुपए तक बिक रहा है।
लोग बाकी सब्जियां तो ले रहे हैं, लेकिन टमाटर लेने में पसीना छूट रहा है। इस बढ़ोतरी से जहां एक ओर खरीदार दुखी हैं, वहीं व्यापारी वर्ग भी चकित है। खरीदारों को महंगाई के चलते इसे नकारना पड़ रहा है, तो व्यापारी इसकी बिक्री को रिस्की मान रहे हैं। उनका कहना है कि टमाटर के दाम बढ़ने से उनका मुनाफा भी घट गया है। जितने दाम में इसे मंगाया जा रहा है, उतनी कीमत की भी उसकी वसूली भी नहीं हो पा रही है। मार्केट में कांपटीशन की वजह से इसे बेचना मजबूरी बनी हुई है।
इसलिए बढ़े दाम: व्यापारियों का मानना है कि टमाटर की लोकल आवक काफी कम है। बाजार में टमाटरों की आवक ज्यादातर अंबिकापुर व जशपुर क्षेत्र से होती है। इस बार पर्याप्त बारिश न होने से वैसे भी टमाटर की उत्पादन क्षमता घटी है, इन दिनों का बादल-पानी इसकी फसल को और चौपट कर रहा है। यही वजह है कि वर्तमान में इसकी आवक घटने से भाव बढ़ गए हैं।










