थम गई शहर की रफ्तार
बिलासपुर. सोमवार की रात से शुरू हुई बैमौसम बरसात से शहर की रफ्तार थम सी गई। पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने सावन की झड़ी याद दिला दी। तेज हवा के कारण ठंड बढ़ गई है। ठंड और बारिश से बचने के लिए स्वेटर के ऊपर रेनकोट भी पहनना पड़ रहा है।
इस साल पिछले कुछ सालों की अपेक्षा बारिश कम हुई है। चार महीने बरसात के मौसम में बमुश्किल डेढ़ महीने ही पानी गिरा। सितंबर व अक्टूबर सूखे ही बीत गए। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ठंड भी शुरू हो गई थी, लेकिन नवंबर की शुरुआत में मौसम बदलने लगा। बादल छाने से उमस बढ़ी और पिछले एक सप्ताह से मौसम गर्म हो गया।
आसमान साफ होने के बाद भी दोपहर की धूप तीखी लग रही थी, वहीं रात को वातावरण गर्म लग रहा था। पिछले चार दिन से मौसम में फिर बदलाव आया है। अरब सागर में तूफान के असर से बादल छाए और बूंदाबांदी हो रही थी लेकिन दो दिन से तो मौसम पूरी तरह बदल चुका है। रविवार की रात तेज बारिश हुई, जो सोमवार को सुबह तक जारी रही।
इसके बाद दिन भर बादलों की आंखमिचौली के साथ बूंदाबांदी होती रही। रात को फिर तेज बारिश होने लगी जो मंगलवार को दिन भर होती रही। लगभग 24 घंटे से हो रही बारिश ने शहर को भिगोकर रख दिया। आज सुबह से रात तक लगातार बारिश के कारण शहर का जनजीवन थम सा गया। बारिश के साथ ही तेज हवा चलने के कारण ठंड बढ़ गई है।
इससे लोगों को दिन में भी स्वेटर पहनना पड़ा, वहीं भीगने से बचने के लिए रेनकोट या छतरी का सहारा भी लेना पड़ा। शहर में बारिश के बाद हर ओर पानी नजर आ रहा है। नालियां उफन गई हैं, वहीं सूख चुके गड्ढे एक बार फिर पानी से भर गए हैं। गली-मोहल्लों में कीचड़ नजर आ रहा है।










