झांसा देकर औषधि बेचने वाले गिरफ्त में
बीकानेर. लोगों को शारीरिक रूप से बलवान बनाने का झांसा देकर औषधि बेचने वाले छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से औषधियां भी बरामद की गई हैं।
नयाशहर थाना पुलिस को इत्तला मिली थी कि लोगों को ताकतवर बनाने का झांसा देकर बाहर से आए लोग अलग-अलग स्थानों पर औषधि बेच रहे हैं। एसएचओ रामेश्वर सहारण ने छह अलग-अलग दलों का गठन किया। इन दलों में शामिल पुलिसकर्मियों ने औषधियां बेच रहे छह लोगों को दबोच लिया।
मुरलीधर व्यास कॉलोनी से भवानीसिंह को, पूगल फांटे के पास बच्चूसिंह, करमीसर अग्निशमन कार्यालय के पास से भारीसिंह, करमीसर तिराहे से उम्मेदसिंह, कोठारी अस्पताल के सामने से नरपतसिंह व सब्जीमंडी के सामने से सुरेन्द्रसिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए सभी लोग सवाईमाधोपुर में गंगापुर सिटी के रहने वाले हैं। अभियुक्तों के पास अलग-अलग औषधियां और प्रचार के लिए काम में लिए जा रहे पोस्टर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने औषधि और चमत्कारी उपचार (आक्षेपणीय) अधिनियम, 1954 के तहत मामला दर्ज किया है।










