Wednesday, Nov 18th, 2009, 6:49 am [IST]  

danik bhaskarनक्सलियों के खिलाफ तेज होगी लड़ाई

Bhaskar News

भिलाई. डीजीपी विश्वरंजन ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ जारी लड़ाई को और तीव्र करनी होगी। हमारे जवान जान हथेली पर रखकर शैतानी ताकत से लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में हमारी जीत होगी क्योंकि पूरे भारत का दिल हमारे साथ है। डीजीपी मंगलवार को आजाद मार्केट चौक रिसाली में शहीद रजनीकांत सिंह की प्रतिमा व स्मारक स्थल के अनावरण अवसर पर बोल रहे थे।



12 जुलाई को मदनवाड़ा नक्सली हमले में रजनीकांत सहित 31 जवान शहीद हो गए थे। इस मौके पर पूर्व स्पीकर प्रेमप्रकाश पांडेय बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित थे। डीजीपी ने कहा कि ऐसा कोई युद्घ नहीं हुआ है जिसमें कोई पक्ष हताहत नहीं हुआ हो। कई बार सच के लिए लड़ने वालों को ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है। जो समाज शहादत देने से कतराता है वह अंतत: गुलाम होने के लिए अभिशप्त रहता है।



यह गौरव की बात है कि उनके एक भी जवान मुठभेड़ से पीछे नहीं हटे। डीजीपी ने कहा कि हर शहादत हमारी अंदर की ऊर्जा को बढ़ाती है जिससे राक्षसी ताकत से लड़ने के लिए हमें शक्ति मिलती है। नक्सलियों को माओवादी बताते हुए उन्होंने कहा कि वे हिंसात्मक युद्घ के जरिए अपनी तानाशाही कायम करना चाहते हैं।



उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। पूर्व स्पीकर पांडेय ने कहा कि इस दुनिया में आने की तो सभी खुशी मनाते हैं, यहां से जाने के बाद समाज की आंखों में आंसू आ जाए वही जीवन जिया हुआ कहलाता है। रजनीकांत का यह स्मारक स्थल हमेशा युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा। पांडेय ने कहा कि जवान मैदान में आगे बढ़ रहे हैं, समाज भी अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण की विधायक प्रतिमा चंद्राकर और एसपी दिपांशु काबरा भी उपस्थित थे।



इस मौके पर शहीद रजनीकांत के पिता बेचन सिंह और उनकी पत्नी पिंकी सिंह तथा शहीद अमित नायक के परिजनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम आयोजन समिति के संरक्षक विष्णु पाठक ने स्वागत भाषण दिया। अध्यक्ष मुकेश पांडेय ने आभार जताया। अनिल चौधरी, अमृत देवांगन, अरविंद पांडेय, रणविजय सिंह, शैलेष शर्मा, रविंद्र भगत, संजय दानी, बशिष्ठ नारायण मिश्रा, हेमंत निषाद, योगेंद्र पांडेय, बृजेश राय, मुरलीधर अग्रवाल, हेमलता वर्मा, अनिता सिंह, पीएन शुक्ला, शारदा साहू उपस्थित थीं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: