बीकानेर में दो और स्वाइन फ्लू पॉजिटिव
बीकानेर. आर्मी स्कूल में पढ़ने वाली शिवबाड़ी निवासी एक छात्रा को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही बीबीएस और सेंट्रल अकादमी के बाद इस रोग की दस्तक वाले स्कूलों की संख्या तीन हो गई है। इनमें से दो स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर स्थितियां जांचेगी।
मंगलवार को आई रिपोर्ट्स में दो लोगों को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई जिनमें से दूसरा रोगी जिले के नोखा गांव का है जिसे इलाज के लिए जयपुर के एक अस्पताल ले जाया गया है। तीन दिन पहले पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद इलाज ले रहे एक व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है वहीं मंगलवार को भी इस बीमारी के संदेह में पांच नए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
सीएमएचओ डा.सी.बी.धानावत का कहना है, आर्मी पब्लिक स्कूल की एक स्टूडेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वहां कार्रवाई के लिए संपर्क करने का प्रयास हो रहा है। बुधवार को वहां टीम भेजी जाएगी जो बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। नोखा में रोगी रिपोर्ट होने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों को दवाई देने का निर्देश दिया गया है।
इसके लिए मंगलवार को ही दवा भेज दी गई और चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है। दूसरी ओर पीबीएम और जिला अस्पताल में पहुंचने वाले रोगियों में जुकाम-बुखार से पीड़ितों की तादाद बढ़ रही है।
प्रदेश में 169 स्कूली बच्चें को स्वाइन फ्लू
प्रदेश की स्कूलों में अब तक 169 विद्यार्थी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस जानलेवा बीमारी को लेकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में स्थापित स्टेट कंट्रोल रूम पर प्रतिदिन की सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं।
कंट्रोल रूम पर प्रदेश की स्कूलों में अब तक कुल 169 बच्चों के स्वाइन फ्लू होने की खबर है। इनमें सर्वाधिक जयपुर संभाग की स्कूलों के 134 विद्यार्थी शामिल हैं तथा दूसरा नंबर जोधपुर का है। जोधपुर संभाग में 33 बच्चे स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। वहीं बीकानेर में शादरूलगंज स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल और बीबीएस के एक-एक छात्र के स्वाइन फ्लू रिपोर्ट हुआ है। कंट्रोल रूम प्रभारी फैयाज अहमद ने बताया कि अधिकांश सूचनाएं बुखार से संबंधित आ रही हैं।
प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी और उपनिदेशक कार्यालय से प्रतिदिन संपर्क के दौरान बच्चों को सर्दी, जुकाम और बुखार होने की सूचनाएं अधिक मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के अब तक के सभी मामले माध्यमिक शिक्षा से संबंधित हैं। प्रभावित बच्चे प्रदेश की माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में कक्षा दूसरी से दसवीं और 11वीं तक के हैं। यह सभी स्कूलें निजी हैं। प्रदेश की किसी भी सरकारी स्कूल के बच्चे को स्वाइन फ्लू होने की सूचना नहीं है।










