सावन भादों सी झड़ी अगहन में लगी
रायगढ़. मौसम में दो दिन पूर्व उमस व गर्मी से लोगों को काफी परेशानियां हो रही थी। लेकिन सोमवार से हो रही बूंदा-बांदी के चलते लोगों को उमस व गर्मी से राहत तो मिली। बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। ठंड से निजात पाने के लिए लोग अलमारी में रखे साल-स्वेटर व गर्म कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं।
यही नहीं शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी बेमौसम बारिश होने से लागों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। साथ ही साथ ठंड से बचने के लिए लोग अंगेठी का प्रयोग कर रहे हैं। स्कूल टाईम में बारिश होने से बच्चे भीगते हुए स्कूल जाते नजर आए। वहीं लोगों बारिश से बचने के लिए छाते व बरसाती का उपयोग करते देखा गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवात बन रही है।
जिसके कारण हाई प्रेशर एरिया का बेल्ट बढ़ गया है। प्रति चक्रवात बनने से हवा में नमीं बढ़ गई है। इससे वातावरण का तापमान बहुत ही कम हो गया है। साथ ही साथ मराठवाड़ा क्षेत्र से अरब सागर में ऊपरी हवा का चक्रवात बन रहा है। ऊपरी हवा में चक्रवात बनने से नमी युक्त हवाएं चल रही हैं। दोनों दिशा की हवाएं आपस में मिल जा रही हैं। जिसके कारण वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। जिससे बादल छाए हुए हैं और जगह-जगह बूंदा-बांदी हो रही है। आगामी 48 घंटे तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद सामान्य हो जाएगी।










