कोच की जेब से 1.30 लाख निकाले एथलीट गिरफ्तार
अलवर. इंदिरा गांधी स्टेडियम में सोमवार रात एक एथलीट ने कोच के 1 लाख 30 हजार रुपए चुरा लिए। पुलिस ने खिलाड़ी को गिरफ्तार कर चुराई गई रकम बरामद कर ली है। अरावली विहार थाना पुलिस ने बताया कि कोच गिर्राज शर्मा रात को कमरे में सो रहे थे। उनकी जेब में 1 लाख 30 हजार की रकम थी। गिर्राज बैंक में आए एरियर की इस रकम को सोमवार को ही लेकर आए थे।
सुबह उठने पर जेब से रकम गायब मिली तो उन्होंने घटना की सूचना अरावली विहार पुलिस को दी। पुलिस ने स्टेडियम में रह रहे खिलाड़ियों से पूछताछ की। शक होने पर हरसौली निवासी एथलीट दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने के बाद दिनेश ने राज उगल दिया। चुराई गई रकम को उसने स्टेडियम में ही झाड़ियों में छुपा दिया था। पुलिस ने रकम बरामद कर ली है।










