तालेड़ा एसएचओ निलंबित
कोटा. कोटा के एक स्कूल संचालक के पास से विदेशी रिवॉल्वर का फर्जी लाइसेंस मिलने के बावजूद उसे गिरफ्तार नहीं करने पर आईजी राजीव दासोत ने बूंदी जिले के तालेड़ा थानाधिकारी गोविंद सिंह को निलंबित कर दिया। अब मामले की जांच कोटा के सीआई भगवत सिंह हिंगड़ को सौंपी गई है।
आईजी राजीव दासोत के अनुसार तालेड़ा पुलिस ने जुलाई माह में दुर्घटना के एक मामले में पुलिस ने दादाबाड़ी स्थित निजी स्कूल के संचालक प्रतीक अग्रवाल को पकड़ा था। उस समय उसके पास से रिवाल्वर बरामद हुई थी। प्रतीक ने रिवॉल्वर लाइसेंसशुदा बताते हुए पुलिस को इसका लाइसेंस भी दिखाया था। लाइसेंस जम्मू-—कश्मीर का बना हुआ था जिस पर श्रीनगर के जिला कलेक्टर की मुहर लगी थी। शक होने पर पुलिस ने उक्त लाइसेंस जांच के लिए श्रीनगर भिजवाया था।
लाइसेंस की रिपोर्ट 7 अगस्त को तालेड़ा पुलिस को मिल गई थी। जिसमें श्रीनगर के जिला कलेक्टर ने कहा था कि यह लाइसेंस उनके यहां से नहीं बनाया गया। लाइसेंस फर्जी है। अगस्त माह में रिपोर्ट आने के बावजूद तालेड़ा एसएचओ गोविंद सिंह ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। न तो प्रतीक के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज किया गया न ही उसे गिरफ्तार किया गया। बात जब अधिकारियों तक पहुंची तो पिछले दिनों चुपचाप प्रतीक के खिलाफ फर्जी लाइसेंस बनवाने व उससे हथियार रखने का मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। आईजी दासोत के अनुसार यह मामला देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, उसके बावजूद तालेड़ा एसएचओ गोविंद सिंह ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रतीक की तलाश की जा रही है।










