खराब मीटर बदलने के नाम पर वसूली
बहरोड़. बिजली निगम द्वारा क्षेत्र में खराब मीटर बदलने के नाम पर की जा रही शुल्क वसूली को लेकर उपभोक्ताओं में रोष है। उपभोक्ताओं से 35 से 50 रुपए वसूल किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बिजली द्वारा करीब चार हजार उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए। नए मीटरों में तकनीकी खराबी होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने निगम को शिकायत की।
इसमें मीटर तेज चलने से अधिक यूनिट आने तथा बिल ज्यादा आने की शिकायतें सबसे ज्यादा थीं। निगम ने जांच करने पर शहर के एक हजार मीटरों को फिर बदला जा रहा है लेकिन इन मीटरों को बदलने के नाम पर बिल के अतिरिक्त 35 से 50 रुपए वसूले जा रहे हैं। इस राशि को लेकर उपभोक्ताओं में रोष है। अनेक उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के अधिकारियों से भी शिकायत की है।
अलीमर कम्पनी के मीटरों की डिसप्ले में अधिक खराबी होने की शिकायत आ रही है। इनको बदला जा रहा है। मीटरों की गारंटी होने के कारण अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। फिर भी शिकायत की जांच की जाएगी। - एससी गुप्ता, सहायक अभियंता
मीटर की जांच के शुल्क के रूप में 35 से 50 रुपए जमा कराए जा रहे हैं। बिलों में अधिक राशि आने की शिकायत के बाद यह राशि ली जा रही है। - रामावतार किलानिया, एआरओ










