कॉलेज में छात्रों का हंगामा
कोटा. गवर्नमेंट कॉलेज में मंगलवार को परीक्षा फार्म जमा कराने के दौरान छात्रों ने कई बार हंगामा किया। इस दौरान पांच—छह छात्रों ने अनुशासन समिति के सदस्य एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार किया। बार—बार हंगामा होता देख कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी।
कॉलेज में परीक्षा फार्म वितरण के लिए चार तथा फार्म व शुल्क जमा कराने के लिए 11 खिड़कियों पर व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद हर खिड़की के सामने लंबी कतार लगी थी। पुलिस की ओर से मात्र एक एएसआई तैनात था। तैनात पुलिसकर्मी हंगामा करने वाले छात्रों को कतार में लगाता कि दूसरी खिड़की के सामने लगी कतार वाले छात्र हंगामा करने लगते। यह क्रम कई बार चलता रहा। इस दौरान कुछ शरारती छात्रों ने पत्थर फेंक व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया।
बार—बार हंगामा होते देख कॉलेज प्राचार्य ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर दिया। पुलिस जाप्ता कॉलेज पहुंचता इससे पहले पांच छह छात्र जूलॉजी विभाग में घुस गए। इन छात्रों को अनुशासन समिति के सदस्य एक व्याख्याता ने रोकने का प्रयास किया तो छात्र अभद्र व्यवहार करने पर उतारू हो गए। इसी दौरान कुछ और व्याख्याता भी आ गए। मौका देख यह छात्र वहां से चले गए।
व्याख्याता एके त्यागी ने बताया कि कुछ छात्र जूलॉजी विभाग में अंदर घुस आए थे। इन छात्रों को अंदर आने से रोका गया तो वे विरोध करने लगे। इस पर कुछ कहासुनी हो गई। इसी दौरान अन्य साथी आ गए तो छात्र मौका देखकर चले गए। प्राचार्य माधोलाल मीणा ने बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा छात्रों की भीड़ अधिक थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता बुलाया गया था।










