पुलिस दल पर ग्रामीणों का हमला
सारथल (बारां). जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने गए पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें चौकी पर तैनात एएसआई के चोटें आई हैं, जिसे हरनावदाशाहजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल एएसआई कन्हैयालाल नागर ने बताया कि वे सोमवार शाम करीब 6:30 बजे 4—5 पुलिसकर्मियों के दल के साथ टाकूड़ा गांव में आरोपी को पकड़ने गए थे। वहां 9-—10 ग्रामीणों ने घेराबंदी कर हमला कर दिया। उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को छोड़ उन्हें ही निशाना बनाया। इससे उन्हें कई चोटें आई हैं। एएसआई के अनुसार हमलावर पक्ष ने दशहरे के दिन काका भुवाना पुत्र गोरीलाल के साथ मारपीट कर कान काट लिया था।
आरोपियों की हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज हो गई थी। एएसआई की रिपोर्ट पर टाकूड़ा निवासी रामनाथ, घनश्याम, परसराम, रामलाल, रामस्वरूप, गुलाबबाई, राजेश, कैलाश, प्यारेलाल समेत नौ जनों के विरुद्ध हरनावदा थाने में मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। सूचना मिलने के बाद एएसपी ने घटनास्थल का दौरा कर जायजा लिया। हमलावर फरार हो गए थे, जिनकी तलाश की जा रही है।
आरोपियों को छोड़ गांव था खाली
घटना के बाद टाकूडा गांव में एएसआई के हमलावरों को गिरफ्तार करने गए पुलिस बल को देख ग्रामीण डर से फरार हो गए थे। गांव में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया है।
जाब्ते का अभाव
सारथल पुलिस चौकी पर दो एएसआई व दो कांस्टेबल ही तैनात हैं। एएसआई के एक पद के मुकाबले दो को लगा रखा है, जबकि कांस्टेबल के दो पद एक साल से रिक्त हैं।










