Wednesday, Nov 18th, 2009, 7:28 am [IST]  

danik bhaskar3 और छात्र स्वाइन फ्लू पॉजिटिव

भास्कर न्यूज

अलवर. शहर के तीन और छात्रों की मंगलवार को स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद एक बच्चे के परिजन उसे दिल्ली लेकर रवाना हो गए हैं। तीनों बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। इन बच्चों ने अलवर, जयपुर व गुड़गांव में जांच के लिए सैंपल दिए थे।



मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि स्कीम नंबर दस निवासी राजकुमार सचदेवा के 15 वर्षीय पुत्र हिमांशु सचदेवा, आर्य नगर निवासी मनोज गोयल के 13 वर्षीय पुत्र गौरव गोयल तथा आर्य नगर निवासी नरेन्द्र सिंह के 6 साल के पुत्र गगनप्रीत की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।



रिपोर्ट आने के बाद फिजीशियन डॉ.परमिन्दर सिंह तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.आरके शर्मा की टीम ने हिमांशु सचदेवा व गौरव गोयल के घर पहुंचकर उनकी तथा परिवारजनों के स्वास्थ्य की जांच की। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने बच्चों व व उनके परिजनों को स्वाइन फ्लू की दवाएं दी हैं। सीएमएचओ ने बताया कि गगनप्रीत के परिजन डॉक्टरों के पहुंचने से पहले ही उसे दिल्ली लेकर चले गए थे।



घर के अन्य सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दे दी गई हैं। हालांकि लार्डस इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक बीएस धीर का कहना है कि छात्र 10 नवंबर से विद्यालय नहीं आ रहा था, फिर भी ऐहतियातन एलकेजी से थर्ड तक की कक्षाओं के अवकाश की घोषणा कर दी गई है। हिमांशु सचदेवा यहां आर्य नगर स्थित बाल भारती स्कूल तथा गौरव गोयल सेंट एंसलम स्कूल में पढ़ता है।



गगनप्रीत चिकानी स्थित लॉर्ड इंटरनेशनल स्कूल में पहली कक्षा का छात्र है। डॉ.सुबोध अग्रवाल ने बताया कि तीनों बच्चों की पिछले दिनों तबीयत खराब हुई थी। हिमांशु सचदेवा ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल, गौरव गोयल ने अलवर के क्योरवैल लैब तथा गगनप्रीत ने गुड़गांव में जांच के लिए सैंपल दिए थे। गौरव गोयल को छह दिन से बुखार था। उसका इलाज एक निजी हॉस्पिटल में किया गया।



डीएम आज लेंगे शिक्षा अधिकारियों की बैठक



निजी स्कूलों के तीन और बच्चों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिला कलेक्टर बुधवार को शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेंगे। जिला कलेक्टर कुंजीलाल मीणा ने बताया कि शिक्षा अधिकारियों और सीएमएचओ से बुधवार को शहर और जिले के स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की पूरी जानकारी लेने के बाद अवकाश का निर्णय लिया जाएगा।

अलवर में भी स्वाइन फ्लू का शिकार बन रहे स्कूली बच्चों की संख्या बढ़ने के बाद प्रशासनिक स्तर पर शहरी क्षेत्र के स्कूलों में कुछ दिन के अवकाश की घोषणा की जा सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले अजमेर कलेक्टर ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र के स्कूली बच्चों में फ्लू के बढ़ते मामलों को देखकर 21 नवंबर तक सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी।



अवकाश की घोषणा- सेंट अंसलम स्कूल के एक बच्चे को स्वाइन फ्लू होने के बाद स्कूल प्रशासन ने 23 नवंबर तक सभी कक्षाओं के अवकाश की घोषणा कर दी है। कार्यालय अधीक्षक ओपी शर्मा ने बताया कि ऐहतियात के लिए विद्यार्थियों का अवकाश किया गया है लेकिन इस अवधि में शिक्षकों का अवकाश नहीं रहेगा।



इसी प्रकार लार्डस इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर बीएस धीर ने बताया कि स्कूल की एलकेजी से थर्ड तक की क्लासों का अवकाश 23 नवंबर तक किया गया है। बाल भारती स्कूल के निदेशक महेंद्रसिंह ने बताया कि अवकाश का निर्णय बुधवार को लिया जाएगा।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: