जहर देकर विवाहिता की हत्या
भीलवाड़ा. ब्राह्मणों की सरेरी की एक विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मंगलवार को जहर देकर मार डाला। मृतका की मां की रिपोर्ट पर आसींद पुलिस ने पति,सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
आसींद थाना प्रभारी रविन्द्रसिंह चारण ने बताया कि ब्राह्मणों की सरेरी निवासी ममता (23) पत्नी पवन माणक्यास की मंगलवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। बेरां निवासी मृतका की मां पारस पत्नी गोपाल शर्मा ने पति पवन, सास प्यारी, ससुर राधेश्याम व ननद अन्नु के खिलाफ रिपोर्ट दी। इसमें बताया गया कि ममता की शादी साढ़े तीन साल पहले की थी।
शादी के बाद आरोपी सोने के गहनों व रुपयों की मांग कर ममता से मारपीट करने लगे। मंगलवार को आरोपियों ने ममता के साथ मारपीट कर उसे जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ममता दो बेटियों की मां थी। एक बच्ची ढाई साल व दूसरी छह माह की है। मामले की जांच डीएसपी निहाल सिंह कर रहे हैं।










