17 दिन, 14 करोड़ जाम 4 हजार बेरोजगार
बिजौलिया/भीलवाड़ा. ऊपरमाल क्षेत्र के सेंडस्टोन व्यापारियों व वाणिज्यिक कर विभाग के ठेकेदार के मध्य चल रहा विवाद 17 वें दिन भी नहीं सुलझ पाया है। सेंड स्टोन व्यापारियों द्वारा अपनी मांगों के लिए तहसील कार्यालय के बाहर धरना जारी है।
जानकारी के अनुसार एक्सपोर्ट बंद करने के बाद अब बुधवार को शक्करगढ़ चौराहे पर चक्का जाम करेंगे। सेंड स्टोन का एक्सपोर्ट नहीं करने से करीब अब तक 12 से 14 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हो गया है। इससे सरकार को भी लाखों रुपए के टैक्स का नुकसान हुआ है। सेंड स्टोन, कॉबल्स के बाद खदान मालिकों के भी हड़ताल का समर्थन करने से करीब 5 हजार श्रमिक व अन्य लोग बेरोजगार हो गए है। खानों में काम आने वाले ट्रैक्टर व ट्रकों की लाइनें लगी हुई है।
ऊपरमाल सेंड स्टोन एक्सपोर्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि बुधवार को शक्करगढ़ चौराहे पर चक्काजाम करेंगे। इसमें बुद्धपुरा कॉबल्स व्यापार महासंघ, पत्थर व्यवसार संघ, खदान मालिक आदि सहयोग करेंगे।
यह है मामला
सेल टैक्स वसूली ठेकेदार द्वारा नई चेकपोस्ट स्वीकृत कराई गई है। इसका व्यापारी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि खंडा पत्थर पर टैक्स नहीं बनता है, इसके बाद भी वसूला जा रहा है। खान से पत्थर बिजौलिया लाने पर भी टैक्स लिया जाता है। व्यापारियों की मांग है कि पांच चेकपोस्ट हटाई जाए और अवैध कर वसूली बंद की जाए। जबकि विभाग यह मान रहा है कि जिन पत्थर का उपयोग इमारती निर्माण या अन्य किसी उपयोग में लिया जाएगा, उस पर टैक्स लिया जाएगा।
दो बार आयुक्त व पांच बार डीसी से मिल चुका है प्रतिनिधिमंडल
सेंड स्टोन व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक प्रदीपकुमार सिंह के नेतृत्व में जयपुर में आयुक्त से दो बार मिल चुका है। भीलवाड़ा में भी उपायुक्त से पांच बार मिलकर समस्या से अवगत करा दिया है। आयुक्त के निर्देश पर मामले की दो बार जांच भी करवाई जा चुकी है, फिर भी विवाद हल नहीं हो पाया।










