चुनाव के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण
सिरोही. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर पी रमेश ने कहा कि नगरपालिका आम चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयरहित संपन्न हो सके, इसके लिए सौंपी गई महत्वपूर्ण चुनाव जिम्मेदारी का पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता व निष्ठा के साथ निर्वाहन करें। जिला कलेक्टर मंगलवार को सामुदायिक भवन पुलिस लाइन में आयोजित नगरपालिका चुनाव में नियुक्त पीठासीन अधिकारी मतदान अधिकारी द्वितीय, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के प्रशिक्षण को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग कर सकें, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाने के साथ ही चुनाव के दौरानशांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सुरक्षा प्रबंधों के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा आपको दिए गए निर्देशों को गंभीरता से अध्ययन कर लें ताकि जरूरत पड़ने पर उनका सुदृढ़ता के साथ उपयोग कर सकें और किसी प्रकार की गलती होने की संभावना न रहे।
रिटर्निग अधिकारी सिरोही प्रह्लाद सहाय नागा ने नगरपालिका चुनाव में निर्वाचन आयोग के प्रावधान एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर रमेश सिंघी ने स्लाइड एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से ईवीएम से सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रपत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पंचायत समिति के सभागार में माउंट आबू के नगरपालिका चुनावों के पूर्व कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस बार के चुनावों में पालिका क्षेत्र के लोगों को अपने मनपसंद उम्मीदवारों को वोट डालने के लिए बटन दबाना होगा। प्रशिक्षकों ने बताया कि चुनावी कार्य में किस तरह की बातों का ध्यान रखा जाए व पोलिंग बूथ में एक बार मतदाता की पहचान पोलिंग एजेंट व अन्य अधिकरियों द्वारा कर लेने के बाद उसे किसी भी स्थिति में मतदान से रोका नहीं जाए।
प्रशिक्षण के चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों व अन्य बातों का ध्यान रखने को कहा गया ताकि निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सकें। बैठक में उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व विभिन्न विभागों से आए चुनाव डच्यूटी में लगे कर्मचारी उपस्थित थे।










