90 हजार के नकली नोट मिले!
हिसार. पारिजात चौक स्थित एक ज्वेलरी की दुकान पर गहने बनवाने के नाम पर एक महिला ने दुकानदार को हजारों के नकली नोट थमा दिए। शक होने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से करीब 90 हजार रुपए बरामद कर एक महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच के अनुसार गत 14 नवंबर को मॉडल टाउन की एक महिला पारिजात चौक स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर आई। उसने वहां डेढ़ लाख रुपए के गहने बनवाने का आर्डर दिया। इसके लिए उसने दुकानदार को करीब 50 हजार रुपए की पेशगी भी दी।
दुकानदार ने महिला द्वारा दिए नोटों की जांच की तो उनमें 10 हजार के नोट नकली पाए गए। इस बात का दुकानदार ने किसी से जिक्र नहीं किया। महिला ने मंगलवार शाम करीब पांच बजे गहनों की दूसरी किस्त के रूप में दुकानदार को 30 हजार रुपए दिए व बाकी रुपए तीसरी किस्त में देने की बात कही।
दुकानदार ने जब इन नोटों को ध्यान से देखा तो वह नकली दिखाई पड़े। इस पर उसने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी बलबीर सिंह आ गए। उन्होंने महिला द्वारा दिए गए नोटों की जांच की तो उनमें से अधिकतर नोट नकली पाए गए।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके बैग में करीब 50 हजार के और नोट बरामद हुए। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस महिला व दुकानदार से बरामद करीब 90 हजार के नोटों की जांच कर रही है। जांच के बाद महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










