रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई
हनुमानगढ़. नगरपरिषद चुनाव के दौरान कोई अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए है। 98 बूथों पर 500 पुलिसकर्मियों की डच्यूटी लगाई गई है। यही नहीं एक अलग से आरएसी कंपनी भी तैनात की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान कोई प्रत्याशी मतदाताओं को ब्लैकमेल न कर सके इसके लिए विशेष चौकसी बरती जा रही है।
विभिन्न वार्डो में रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है जिनके खिलाफ पिछले चुनावों में शांति व्यवस्था भंग करने का मामला दर्ज हुआ था। ऐसे अपराधियों को पाबंद किया जा रहा है।
दस बूथों पर विशेष चौकसी : परिसीमन के दृष्टिगत वाडरें में हुए बदलाव के बाद पुलिस ने अब नए सिरे से संवेदनशील बूथों को चिह्न्ति किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार टाउन व जंक्शन में 10 बूथों को संवेदनशील चिह्न्ति किया गया है। इन बूथों पर पुलिस के तीन जवान तैनात किए जाएंगे जबकि शेष बूथों पर एक कांस्टेबल व एक होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक केंद्रों के बाहर अलग से पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।
चार सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त : नगरपरिषद चुनाव के 98 बूथों पर कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए चार सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। जंक्शन व टाउन को चार भागों में बांटा गया है तथा इसके लिए चार डीएसपी को सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा दस मोबाइल पार्टी नियुक्त की गई है जो सभी बूथों पर गश्त करती रहेगी। एक मोबाइल पार्टी में एक एसआई व पांच कांस्टेबल लगाए गए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नगरपरिषद चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाया जाएगा। इसके अलावा ऐसे अपराधियों को भी पाबंद किया जा रहा है जिनके खिलाफ पिछले चुनाव में मामला दर्ज हुआ था। - यादराम फांसल, एएसपी हनुमानगढ़










