डेरामुखी गुरमीत रामरहीम गुरुसरमोडिया पहुंचे
गोलूवाला/कैंचियां. खेलों को अपनाने से युवाओं व ग्रामीणों मे भाईचारा पनपता है। यह बात डेरा सच्चा सौदा सिरसा के संत गुरमीत रामरहीम सिंह ने मंगलवार को पैतृक गांव गुरुसर मोडिया में श्रीगुरुसर ट्राफी कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में पत्रकारों सें कही। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे ग्रामीण खेल कभी लुप्त न हो, इसलिए डेरा सच्चा सौदा ऐसे खेलों के संरक्षण के प्रयास कर रहा है।
संत ने युवाओं से नशा छोड़कर खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। डेरा प्रमुख ने डेरा की ओर से चलाए जा रहेवेश्यावृत्ति उन्मूलन एवं पुनत्र्थान तथा किन्नरों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम की जानकारी दी। संत गुरमीत रामरहीम सिंह ने कहा कि मजबूरी वश वैश्यावृत्ति में लिप्त कन्याओं की शादी के प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए चार दिन में तीन सौ युवाओं ने अपना बायोडाटा प्रस्तुत किया।
समाज में तीसरे वर्ग किन्नरों के उत्थान के लिए डेरा पूर्णप्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना से खेलने को कहा। इससे पूर्व डेरा प्रमुख मंगलवार सुबह भारी भरकम काफिले के साथ साढ़े दस बजे गुरुसर मोडिया पहुंचे, उन्हें जेड प्लस सुरक्षा के बीच रावतसर से सूरतगढ़ एवं राष्ट्रीय राजमार्ग 15 से होते हुए गुरुसर मोडिया लाया गया। एहतियात के तौर पर काफिले में काफी पुलिस जाब्ता तैनात था।
डेरा प्रमुख के स्वागत के लिए सूरतगढ़ विधायक गंगाजल मील भी पहुंचे व उनसे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया। देर शाम आयोजित मजलिस कार्यक्रम में डेरामुखी ग्रामीणों से मिले व उनकी समस्याओं को सुना।
प्रतियोगिता में कई मुकाबले: कबड्डी प्रतियोगिता में मंगलवार को कई मुकाबले हुए। शाह सतनाम मीट कमेटी कबड्डी अध्यक्ष जसमीतसिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 टीमें भाग ले रही है। कबड्डी प्रतियोगिता में शाह सतनाम एकेएमी सीनियर ने बरवाला की टीम व मानसा की टीम ने जूनियर शाह सतनाम एकेडमी को हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया।
लीग मुकाबले में शाह सतनाम सीनियर टीम ने तोमर क्लब, जूनियर टीम ने झंडा क्लब सरदूलगढ़ को हराया। राजस्थान की टीम को बरवाला के हाथों शिकस्त मिली वहीं दशमेश क्लब मानसा विजयी रहा। डेरामुखी की सुरक्षा को लेकर पुलिस व प्रशासन ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए है। इससे पूर्व श्रीगंगानगर एसपी उमेशचंद्र दत्ता ने गांव में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए।
डेरा मुखी के आगमन पर कलेक्टर डॉ. रविकुमार एस, एएसपी राजन दुष्यंत, श्रीकरणपुर डीएसपी रतनलाल भार्गव, सूरतगढ़ सीओ सुरेश सैनी, सूरतगढ़ सदर थाना प्रभारी संजीवकुमार, गोलूवाला थाना प्रभारी बुटासिंह एसडीएम व तहसीलदार आदि सहित आरएसी के जवान व पुलिस के अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए थे।










