Wednesday, Nov 18th, 2009, 8:34 am [IST]  

danik bhaskarआपके सवालः एलआईसी हाउसिंग, रिलायंस कम्युनिकेशंस, सुजलॉन, एनएचपीसी...

ShareManthan.in

salil_sharmaपाठकों के सवालों पर सलिल शर्मा के जवाब।

संजय पोद्दारः मैंने 917 रुपये के भाव पर एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का शेयर खरीदा था। इसकी कीमत कहाँ तक जा सकती है?

(एलआईसी हाउसिंगः मौजूदा भाव 882.05 रु. +0.43%, 52 हफ्ते का ऊँचा 915.40 नीचा 151.00)

उत्तरः एलआईसी हाउसिंग में नये ऊँचे स्तर बनते दिख रहे हैं और चार्ट मजबूत लग रहा है। इसलिए आप इसे रखे रहें। अगर आप 1 साल की अवधि तक इसे रखें तो 20-25% फायदे की उम्मीद रहेगी। इसमें घाटा काटने का स्तर 800 रुपये पर तय करके रखें।

जे पटेलः मैंने रिलायंस कम्युनिकेशंस के 1500 शेयर 235 रुपये के भाव पर खरीदे थे। इसे कब तक रखना चाहिए?

(रिलायंस कम्युनिकेशंसः मौजूदा भाव 176.00 रु. -1.73%, 52 हफ्ते का ऊँचा 359.00 नीचा 131.35)

उत्तरः रिलायंस कम्युनिकेशंस में आपने घाटा काटने के कई स्तरों को पहले ही छोड़ दिया। आपको पहले 231 रुपये पर और उसके बाद 208 रुपये पर घाटा काट लेना चाहिए था। खैर, जो होना था वह तो हो गया। अब अगर आप इसे कम-से-कम 1 साल के लिए रखना चाहें तो 150 रुपये पर घाटा काटने का स्तर तय करके रख सकते हैं। अगर वापस किसी तेजी में यह 230 रुपये तक आ जाये, तो वहाँ इससे निकल सकते हैं, या फिर उस वक्त स्थिति की फिर से समीक्षा कर लें।

सुहास रणवडेः मेरे पास सुजलॉन एनर्जी के 100 शेयर 120 रुपये के भाव पर हैं। इसमें घाटा काट कर किसी और शेयर में निवेश करना ठीक होगा या इसे रखे रहना?

(सुजलॉनः मौजूदा भाव 72.75 रु. +0.90%, 52 हफ्ते का ऊँचा 145.85 नीचा 33.05)

उत्तरः सुजलॉन का चार्ट अब कुछ बेहतर लग रहा है। ऐसा लगता है कि यह अपनी तलहटी बना रहा है या बना चुका है। ऐसा लग रहा है कि इसमें सस्ते भावों पर कुछ खरीदारी आ रही है। आपकी खरीदारी का स्तर काफी ऊँचा है, इसलिए आप चाहें तो सुजलॉन के कुछ और शेयर खरीद लें। जो नयी खरीदारी करें, उसके लिए 65 रुपये पर घाटा काटने का स्तर तय करके रखें और इसमें 95 रुपये का लक्ष्य रखें। जब आपको 95 रुपये का यह लक्ष्य मिल जाये तो नये खरीदे हुए इन शेयरों को बेच दें। इससे आपकी पुरानी खरीदारी का औसत भाव नीचे आ जायेगा। उन शेयरों को रखना है या नहीं, इस बारे में उसी वक्त स्थिति की समीक्षा करके फैसला करें।

अनिल शर्माः मैंने 38 रुपये के भाव पर एनएचपीसी के 2000 शेयर ले रखे हैं। मेरा नजरिया लंबी अवधि का है। मुझे क्या करना चाहिए?

(एनएचपीसीः मौजूदा भाव 32.45 रु. +0.46%, 52 हफ्ते का ऊँचा 39.75 नीचा 29.85)

उत्तरः आपके लिए इसमें घाटा काट लेना ही बेहतर होगा। अभी आपका घाटा हल्का है, निकल जायें। अगर बिजली क्षेत्र में ही निवेश रखना चाहते हैं तो पीटीसी इंडिया एक बेहतर विकल्प है। बिजली उपकरण बनाने वाली कंपनियों में बीएचईएल और एल्सटॉम में निवेशश कर सकते हैं।

मोहित शर्मा, जयपुरः क्या ऑस्ट्रल कोक में निवेश करना अच्छा रहेगा?

(ऑस्ट्रल कोकः मौजूदा भाव 9.48 रु. -4.91%, 52 हफ्ते का ऊँचा 57.40 नीचा 9.30)

उत्तरः इस शेयर से बचना ही बेहतर है और जिनके पास हो उनके लिए इससे निकल जाना बेहतर है। यह कंपनी काफी विवादों में फँसी है। अगर आपको इसी क्षेत्र में निवेश करना हो तो गुजरात एनआरई कोक अच्छा विकल्प है।

प्रफुल्ल नंदाः मेरे पास इंडिया इन्फोलाइन के 100 शेयर 149.75 रुपये के भाव पर और सन फार्मा एडवांस्ड रिसर्च कंपनी के 100 शेयर 80.25 रुपये के भाव पर हैं। इन दोनों में क्या करना चाहिए?

(इंडिया इन्फोलाइनः मौजूदा भाव 145.40 रु. -0.31%, 52 हफ्ते का ऊँचा 173.25 नीचा 34.40; सन फार्मा एडवांस्डः मौजूदा भाव 87.10 रु. +2.05%, 52 हफ्ते का ऊँचा 97.40 नीचा 39.35)

उत्तरः इंडिया इन्फोलाइन के शेयर को आप 138 रुपये पर घाटा काटने का स्तर तय करके रख सकते हैं। इसमें 159-160 रुपये का लक्ष्य रखें। इसमें अभी ज्यादा तेजी नहीं दिख रही है। अगर यह 138 रुपये के नीचे चला गया तो 20 दिनों का मूविंग एवरेज और 50 दिनों का मूविंग एवरेज, दोनों ही टूट जायेंगे, जिससे इसमें कमजोरी आयेगी। वहीं अगर यह 165 रुपये के ऊपर जा सका, तभी इसका चार्ट फिर से मजबूत हो सकेगा। सन फार्मा एडवांस्ड रिसर्च इन दिनों 80-90 रुपये के आसपास घूमता रहता है। अगर इसमें 94-95 रुपये के ऊपर नयी चाल आ सकी, तब इसका भाव 115 रुपये तक जाने की उम्मीद रहेगी। इसमें घाटा काटने का स्तर 80 रुपये का रखें। यह रखने लायक शेयर है। इसमें छोटी अवधि में चाल बनती रहती है। चाहें तो मध्यम से लंबी अवधि के लिए भी रख सकते हैं।

(स्पष्टीकरण: इन शेयरों में विश्लेषक या उनके ग्राहकों के हित जुड़े हो सकते हैं।)

सलिल शर्मा तकनीकी विश्लेषक और कपूर शर्मा एंड कंपनी के पार्टनर हैं।

पाठक जाने-माने विश्लेषकों से अपने प्रश्नों के जवाब पाने के लिए हमें queries@sharemanthan.com पर ईमेल भेजें।

www.ShareManthan.in, 18 नवंबर 2009)

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: