Wednesday, Nov 18th, 2009, 8:55 am [IST]  

danik bhaskarपिटेगी मुनादी, लगेंगे शिविर

भास्कर न्यूज

अजमेर. जिले में स्वाइन फ्लू के प्रकोप ने समूचे प्रशासन को हिला दिया है। इस रोग के पसरते पांवों को बांधने और बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए मंगलवार को आखिरकार चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव जीएस संधू को अजमेर आना पड़ा। उनके निर्देशानुसार प्रशासन अब समूचे शहर के मरीजों की स्क्रीनिंग करेगा। इसके लिए 19 से 21 नवंबर तक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।



प्रशासन वार्ड स्तर पर ‘ढिंढोरा’ पीटकर (एनाउंसमेंट कर) लोगों को शिविर में बुलाएगा। स्वाइन फ्लू का एक भी लक्षण नजर आने पर रोगी को निगरानी में ले लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो रोगी को लाने के लिए निशुल्क वाहन भी मुहैया कराए जाएंगे।



स्वाइन फ्लू के हालात व व्यवस्थाओं का जायजा लेने आए संधू ने जेएलएन अस्पताल अधीक्षक के कक्ष में चिकित्सा व अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। संधू ने अधिकारियों को कहा—आमजन को यह संदेश दिया जाए कि स्वाइन फ्लू से घबराने की नहीं, एहतियात बरतने की जरूरत है। विभाग के पास पर्याप्त दवाएं व धन है, संदिग्ध मरीजों का इलाज सतर्कता—प्रमुखता से किया जाए।



यहां लगेंगे शिविर
बैठक में दिए गए निर्देशों व किए गए निर्णयों के मुताबिक मरीजों की स्क्रीनिंग करने, उन्हें समुचित उपचार देने के लिए 19, 20, 21 नवंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ये शिविर सैटेलाइट अस्पताल, पुष्कर रोड विश्राम स्थली और अजयनगर डिस्पेंसरी पर लगेंगे।



शिविर में किसी भी रोगी में स्वाइन फ्लू का एक भी लक्षण मिले तो उसे तत्काल निगरानी में लिया जाएगा। स्वाइन फ्लू नहीं हो और हल्का सर्दी—जुकाम हो तो भी मरीज को उचित देखरेख में लिया जाएगा।




यूं करेंगे मुनादी
शिविरों में लोगों को बुलाने के लिए व्यापक प्रचार—प्रसार किया जाएगा। खास तौर पर वार्ड स्तर पर एनाउंसमेंट (मुनादी) कराया जाएगा। इसके जरिये सर्दी, खांसी, तेज बुखार, नाक से पानी गिरने जैसे लक्षण वाले मरीजों को शिविर में लाना सुनिश्चित किया जाएगा।



शिविर स्थलों तक मरीज लाने के लिए जरूरत पड़ी तो निशुल्क वाहन उपब्ध कराए जाएंगे। एक साथ 4—5 वाडरें के लोगों को समझाइश देने की जरूरत हो तो खुद डॉक्टर वार्डो का दौरा करेंगे।



इन्हें दिए शिविरों के जिम्मे
तीन दिन तीन स्थानों पर चलने वाले स्वास्थ्य शिविरों के लिए चिकित्सकों की जिम्मेदारी भी हाथोंहाथ तय कर दी गई। इसके तहत प्रत्येक शिविर में 4—4 डॉक्टर लगेंगे। सैटेलाइट अस्पताल के शिविर में जेएलएन अस्पताल के डॉ. जैकब जॉर्ज, डॉ. गोल्डी, सैटेलाइट अस्पताल के डॉ. सुधीर खन्ना, शिशु रोग विशेषज्ञ सलिल माहेश्वरी तैनात रहेंगे।



पुष्कर रोड विश्राम स्थली के शिविर में जेएलएन अस्पताल के डॉ. नरेंद्र जैन, डॉ. अनिल, वैशालीनगर डिस्पेंसरी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन रॉय, शिशु रोग विशेषज्ञ किशनगढ़ यज्ञनारायण अस्पताल के डॉ. आजाद सिंह को नियुक्त किया गया है।



अजयनगर डिस्पेंसरी के शिविर का जिम्मा जेएलएन अस्पताल की डॉ. भावना, डॉ. भूपेंद्र, भिनाय सीएचसी के डॉ. सुरेश यादव, अजयनगर डिस्पेंसरी की डॉ. वंदना चौधरी को दिया गया है। साथ ही सहायक स्टाफ तैनात रहेगा।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: