वोकहार्ट अमेरिका में बेचेगी हाइपरटेंशन की दवा
प्रमुख दवा कंपनी वोकहार्ट को अमेरिकी फूड एंड ड्रग ऐडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने हाइपरटेंशन या उच्च रक्तचाप (हाई ब्लडप्रेशर) की दवा निकार्डिपाइन एचसीआई बेचने की मंजूरी दे दी है। निकार्डिपाइन अमेरिका में ईकेआर थेराप्यूटिक्स नामक कंपनी की दवा कार्डेन का जेनेरिक नाम है।
इस दवा का पेटेंट 17 नवंबर 2009 को खत्म हो गया है। वोकहार्ट ने पेटेंट खत्म होने के साथ ही अपनी इस दवा को अमेरिकी बाजार में उतार दिया है। यह इस दवा के 25 मिलीग्राम और 10 मिलीग्राम के इंजेक्शन बेचेगी। दवा बाजार की रिसर्च संस्था आईएमएस के मुताबिक अमेरिका में इस दवा का सालाना बाजार करीब 20 करोड़ डॉलर का है।
आज वोकहार्ट का शेयर हल्की बढ़त के साथ चल रहा है। दोपहर करीब 1.20 बजे इसका भाव 0.85 रुपये यानी 0.46% ऊपर 184 रुपये पर है।
(© www.ShareManthan.in, 18 नवंबर 2009)










