रॉडिक वर्ल्ड टूर फ़ाईनल से बाहर
लंदन. अमेरिका के स्टार टेनिस खिलाड़ी एंडी रॉडिक अपने घुटने की चोट की वजह से स़ीज़न के अंत में होने वाले एटीपी वर्ल्ड टूर फ़ाईनल मे हिस्सा नहीं ले पाऐंगे। रॉडिक की जगह स्वीडन के रॉबिन सोडर्लिंग को टॉप आठ खिलाड़ियों में लिया गया है।
गौरतलब है कि रॉडिक पिछले महीने शांघाई मास्टर्स के दौरान घायल हो गए थे। रॉडिक हर साल के अंत में होने वाले टेनिस के इस महासंग्राम में पिछले सात सालों से लगातार टॉप आठ में जगह बना रहे हैं। उनके अतिरिक्त विश्व नंबर एक खिलाड़ी रोज़र फेडरर लगातार आठ बार ऐसा कर चुके हैं।
तीन बार विंबलडन के फ़ाईनल में पहुँचने वाले रॉडिक अब तक तीन बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सेमिफ़ाईनल तक पहुँचे चुके हैं। वो वर्ष 2003 व 2004 में हॉस्टन तथा 2007 में शांघाई में सेमिफ़ाईनल में पहुँचे थे।
सोडर्लिंग, जिन्होने राफेल नडाल को रोलान्ड गारोस् पर धूल चटाई थी, को रविवार से लंदन में शुरु हो रही इस प्रतियोगिता के पहले विकल्प थे। उनके टॉप आठ में आने के बाद फ्रांस के विलफ्रेड सोंगा पहले विकल्प रहेंगे।
एटीपी वर्ल्ड टूर फ़ाईनल में फेडरर, नडाल, ऐंडी मरे, नोवाक जोकोविक, जुआन डेल पोत्रो, डेवेंडिको, वरद़ेस्को और सोडर्लिंग टॉप आठ में हैं।










