अबान ऑफशोर का क्यूआईबी इश्यू पूरा, 697 करोड़ रु. जुटाये
अबान ऑफशोर ने आज अपना क्यूआईबी इश्यू बंद करने की घोषणा की है। इस इश्यू के जरिये कंपनी ने संस्थागत निवेशकों को 56.97 लाख शेयर जारी किये हैं। इन शेयरों को 1224.30 रुपये के भाव पर जारी कर कंपनी ने 697.50 करोड़ रुपये जुटाये हैं। यह क्यूआईबी इश्यू 13 नवंबर को खुला था।
आज इस शेयर में अच्छी तेजी दिख रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में दोपहर 2.20 बजे यह 33.15 रुपये यानी 2.47% की उछाल के साथ 1374 रुपये के भाव पर है।
इस बीच आनंद राठी सिक्योरिटीज ने इस शेयर पर अपनी ताजा रिपोर्ट में इसे तकनीकी नजरिये से मध्यम अवधि के लिए खरीदने की सलाह दी है। बुधवार को जारी इस रिपोर्ट में इस ब्रोकिंग फर्म का कहना है कि अबान ऑफशोर ने 1250 के स्तर पर मजबूत सहारा लिया और अब यह लंबी अवधि की मूविंग एवरेज रेखाओं के ऊपर चल रहा है। आरएसआई संकेतकों के आधार पर इसके दैनिक और साप्ताहिक, दोनों तरह के चार्ट पर तेजी की उम्मीद दिख रही है। इसके आधार पर आनंद राठी सिक्योरिटीज ने अबान के लिए 1480 रुपये का पहला लक्ष्य और अगले कुछ हफ्तों में 1580 रुपये का लक्ष्य रखा है। इस खरीदारी में घाटा काटने का स्तर 1240 रुपये पर रखने की सलाह दी गयी है। (© www.ShareManthan.in, 18 नवंबर 2009)



