बोलेरो-मोटरसाइकिल भिड़ंत में गंभीर घायल
अनूपगढ़ & सड़क दुर्घटना में ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष देवीलाल लेघा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बीकानेर रैफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक चार एलएम ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष देवीलाल लेघा गांव 15-ए से अनूपगढ़ की तरफ आ रहे थे। इस दौरान घड़साना रोड पर सामने से आ रही एक बोलेरो से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में लेघा को काफी चोटें आई। नजदीक स्थित एक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रैफर कर दिया गया। बोलेरो का चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो का कब्जे में ले लिया।
नवविवाहिता ने फांसी लगाई : अनूपगढ़. निकटवर्ती चक तीन एनडी में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की शादी दो वर्ष पूर्व जबकि मुकलावा छह माह पहले ही हुआ था। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
निकटवर्ती चक तीन एनडी निवासी बदामी देवी (20) पत्नी कानाराम गुवारियां मंगलवार शाम घर पर अकेली थी। परिवार के लोग काम पर गए हुए थे। इस दौरान विवाहिता ने ओढऩी के फंदे से कमरे की छत पर लगी हुक से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की ननद जब स्कूल से घर लौटी तो बदामी को फंदे पर लटका देख हक्की-बक्की रह गई। उसने परिवारवालों को बताया तथा इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतका के पीहर गोलूवाला में उसके पिता फिराजराम गुवारियां को इत्तला दी।











