डेंटल कॉलेज के विभागाध्यक्ष निलंबित
शिमला. छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने के मामले में घिरे डेंटल कॉलेज के विभागाध्यक्ष को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव दीपक सानन ने की। ओरल सर्जरी के विभागाध्यक्ष योगेश भारद्वाज पर एक हफ्ते पहले पीजी फाइनल ईयर की छात्रा ने मानसिक प्रताड़ना और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया था।
शिकायत के बाद पुलिस की छानबीन में सामने आए तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। उसके बाद पुलिस ने छात्रा, उसके पति सहित तीन अन्य पीजी छात्राओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की थी। छात्रा से छेड़छाड़ सहित अश्लील हरकतों का सिलसिला डेढ़ साल से चल रहा था। डॉ. योगेश ने छात्रा को पीजी की डिग्री पूरी न होने की धमकी के साथ परीक्षा में बैठने से भी रोका था। इससे वह तनाव में थी। छात्रा के साथ अश्लील व्यवहार के मामले में डॉ. योगेश की पहले भी स्वास्थ्य विभाग में शिकायत की गई थी।










