चंडीगढ़ में बने उत्पादों को मिलेगा विदेशी बाजार
चंडीगढ़. प्रगति मैदान, नई दिल्ली में चल रहे 29वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में चंडीगढ़ के व्यवसायियों को अपने उत्पादों की बिक्री के साथ भविष्य में इन्हें विदेशों में निर्यात करने का भी मौका मिलेगा। ट्रेड फेयर में इस बार चंडीगढ़ का पवेलियन इंटरनेशनल पवेलियन के निकट लगाया गया है।
चंडीगढ़ प्रशासन में इंडस्ट्री डिपार्टमेंट की डायरेक्टर वंदना दिसोदिया के मुताबिक बुधवार तक चंडीगढ़ पवेलियन से 54,605 रुपये के प्रॉडक्ट्स बिक चुके हैं। अब तक कुल 680 ट्रेड इन्क्वायरी आई हैं। चंडीगढ़ के एक बिजनेसमैन ने यहां सॉफ्ट टॉयज का स्टाल भी लगाया है जिसे बुकिंग के आर्डर भी मिल चुके हैं। ट्रेड फेयर 14 नवंबर को शुरू हुआ था। पहले पांच दिन केवल व्यवसायियों के विजिट के लिए रखे गए थे। आम लोग 19 नवंबर से यह मेला देख सकेंगे।
चंडीगढ़ पवेलियन के ग्राउंड फ्लोर पर चीन, केंद्रीय स्टील मंत्रालय और गुजरात का पवेलियन है। इसके फस्र्ट फ्लोर पर चंडीगढ़ का पेवेलियन है। यहां चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल बिजनेस पार्क का मॉडल बनाया गया है। इंडस्ट्रियल एरिया में कन्वर्शन के बाद हुई तरक्की को इसमें दिखाया गया है। यहां एक्सपोर्ट यूनिट ब्लैक,पाइप्स, कापियां बनाने वाली कंपनी के भी स्टॉल हैं। इसके अलावा यहां चंडीगढ़ में निर्मित हैंडीक्राफ्ट्स, पेंटिंग्स, ज्वेलरी, फुलकारी, शाल आदि के भी स्टॉल लगाए गए हैं।










