रोड्रिग्स के कार्यकाल की जांच हो-जोहल
चंडीगढ़. मनीमाजरा फारमर्स वेलफेयर एंड इएन्वायर्नमेंट प्रोटेक्शन सोसायटी ने पंजाब के राज्यपाल और नगर प्रशासक जनरल एसएफ रोड्रिग्स को जल्द से जल्द हटाने की मांग की है। मनीमाजरा के हिल व्यू फार्म में आयोजित कोर ग्रुप की मीटिंग में सोसायटी के अध्यक्ष एचएस जोहल ने कहा कि नगर प्रशासक के खिलाफ गैर जमानती केस दर्ज किया जाए ताकि वह गवाहों को प्रभावित न कर सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनरल रोड्रिग्स के कार्यकाल में हजारों करोड़ रुपये के घपले हुए हैं जिनकी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि पिछले पांच सालों में किसानों की काफी कम मुआवजे में जमीनें छीन ली गई और बड़े बिल्डर्स को लाभ पहुंचाया गया। प्रशासक रोड्रिग्स ने न अपने सलाहकार की कोई सलाह मानी और न ही सांसद की।
नगर निगम में पारित प्रस्ताव तक मानने से इंकार कर दिया गया। अब केंद्र सरकार की गृह मंत्रालय की तरफ से तैयार ऑडिट रिपोर्ट को भी प्रशासक एक तरफा बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासक ने उन सवालों का जवाब दिया है जोकि उन्हें अनुकूल लगे।










