कनाडाई प्रधानमंत्री की सुरक्षा से संगत परेशान
अमृतसर. कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हारपर के श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होने के कारण संगत को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर एक बजे श्री दरबार साहिब परिसर पहुंचे स्टीफन के आगमन से पंद्रह मिनट पहले ही श्रद्धालुओं को मुख्यद्वार पर ही रोक लिया गया। उक्त प्रवेश द्वार के दोनों तरफ पुलिस और टास्क फोर्स का कब्जा था।
इस दौरान संगत को न तो दरबार साहिब परिसर में जाने दिया गया और न ही आने दिया गया। प्रधानमंत्री के प्रवेश करने के बाद ही संगत के यह द्वार चालू किया गया। प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही सूचना केंद्र के बाहर पहुंचा, सिविल वर्दी में तैनात पुलिस और टास्क फोर्स के सदस्यों ने उन्हें घेरे में ले लिया। सुरक्षा की बनी मानव चैन में पहली कतार में पंजाब पुलिस के जवान, दूसरी में टास्क फोर्स, तीसरी में फिर जवान और चौथी में कनाडा के सुरक्षा अधिकारी थे।
चौतरफा घेरे के बीच में कनाडा के सुरक्षा अधिकारी और दरबार साहिब के सीनियर कर्मी थे। कनाडा के मीडियापर्सन्स ने जब पीएम के साथ ही दर्शनी ड्योढ़ी से अंदर जाने का प्रयास किया तो एसएसपी पीके राय ने उन्हें रोक लिया। इस पर कनाडा के सुरक्षा अधिकारियों ने एसएसपी को टोकते हुए विदेशी मीडिया को अंदर आने की आज्ञा देने को कहा तो एसएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब इंडियन मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी है तो कनाडा का मीडियापर्सन कैसे अंदर जा सकते हैं।
दोनों पक्षों में कुछ पलों के लिए नोकझोंक हुई। स्थानीय मीडियापर्सन ने भी जब अंदर जाने का प्रयास किया तो उनकी टास्क फोर्स से नोकझोंक हो गई। टास्क फोर्स ने मोर्चा संभालते हुए मीडियापर्सन के प्रवेश पर पूर्णतया रोक लगा दी। इस पर स्थानीय मीडियापर्सन और फोर्स के सदस्यों में झड़प हुई फोर्स के सदस्यों ने उन्हें धक्के भी दिए। मसला बढ़ने पर एसजीपीसी अधिकारियों ने बीच बचाव कर सभी को शांत किया।
संदिग्ध काबू
हारपर के पहुंचने से पहले पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दरबार साहिब परिसर से काबू किया। तलाशी पर उसके बैग से जूतों का जोड़ा बरामद हुआ। एसएसपी पवन कुमार राय न इसकी पुष्टि की है। आरोपी की पहचान परमजीत सिंह के रूप में हुई। वह जूते क्यों लाया, पुलिस पूछताछ कर रही है।










