घर लौट रहे फोर्टिस के डॉक्टर को लूटा
चंडीगढ़. ट्राईसिटी में बदमाशों ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। रात को हथियारबंद लुटेरे बेखौफ होकर घूमते हैं। पुलिस लोगों की सुरक्षा नहीं कर पा रही। मंगलवार रात बदमाशों ने पिस्टल के बल पर फोर्टिस अस्पताल मोहाली के डॉक्टर अनीश गुप्ता को लूट लिया। पुलिस ने लूट की वारदात को स्नैचिंग में बदलने का प्रयास किया।
यह वारदात रात 1.15 बजे की है। गुप्ता सेक्टर—37 की कोठी नंबर 354 में रहते हैं। गुप्ता ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार की शादी में शरीक होकर कार से दोस्त के साथ मोहाली से लौटे। दोस्त को सेक्टर— 40 में उनके घर उतारा। वहां से अपने घर की ओर चले। सेक्टर—37 डी मार्केट के पास सफेद रंग की जेन कार से आए लोगों ने रोककर रास्ता पूछा।
वह कहते हैं कि उनके रुकते ही तीन लोग कार से उतरे। एक ने उनकी कनपटी में पिस्टल तान दी और दूसरे ने कार की चॉबी निकाल ली। तीसरे आरोपी ने उनकी तलाशी ली। इसके बाद उनका पर्स एटीएम कार्ड, परिचय पत्र, एक हजार रुपये, मोबाइल फोन और उनकी कार की चाबी लेकर भाग गए। गुप्ता ने बताया कि कुछ देर बाद पीसीआर की जिप्सी गुजरी। उसे रोककर पुलिसवालों को घटना की जानकारी दी। उन्हें जेन कार का नंबर नोट कराया। वहां पुलिसवालों ने उनपर पिस्टल तानने वाली बात को एफआईआर में न लिखाने को कहा। थाना प्रभारी ने कहा कि यह मात्र यह स्नैचिंग की घटना है।










