रह न जाए कसर
रायपुर. इस सीजन में दांपत्य जीवन में बंधने वाले जोड़े परंपरा और फैशन दोनों का बराबर हिसाब रख रहे हैं। शादी में दुल्हन की पहनी जाने वाली साड़ी का स्थान अब लहंगे ने ले लिया है। दूल्हे शेरवानी पसंद कर रहे हैं। शादी के दिन घर वाले भी अब लहंगे और शेरवानी में नजर आ रहे हैं।
दोनों ही परिधानों में हैवी वर्क पसंद किया जा रहा है। इस ट्रेंड के लिए बहुत हद तक टीवी सीरियल को जिम्मेदार माना जा सकता है। अब तो दुल्हन और दूल्हे हर रस्म में अलग-अलग कपड़े पसंद कर रहे हैं। बदलते ट्रेंड में शादी में लहंगा और रिसेप्शन पार्टी के दौरान साड़ी पहनने का प्रचलन बढ़ रहा है। दूल्हा-दुल्हन एक ही रंग और डिजाइन के कपड़े पहनना पसंद कर रहे हैं। दोनों ही हैवी वर्क के कपड़े पसंद कर रहे हैं।
डिजाइनर लहंगों का प्रचलन बढ़ा
इस सीजन में लड़कियां डिजाइनर लहंगे पसंद कर रही हैं। वामा शोरूम के संचालक प्रशांत धाड़ीवाल ने बताया कि इस बार अधिकतर बुकिंग फिश कट, ई-लाइन लहंगे की हैं। जिनकी शादी मार्च और अप्रैल में है, वे भी पसंद और डिजाइन ध्यान में रखते हुए अभी से ही आर्डर दे रहे हैं। इतने बदलाव के बाद भी लड़कियां पारंपरिक रंग ही पसंद कर रही हैं। मनोहरा साड़ी शॉप के पदम डालकिया ने बताया कि शहरवासी भी डिजाइन को लेकर काफी जागरूक हुए हैं। मेट्रो सिटी से किसी भी एंगल में यहां का फैशन पिछड़ा नहीं है।
लहंगा हुआ बड़ा महंगा
शादी विवाह में पहनावे को लेकर लोग ज्यादा गंभीर हुए हैं। राजधानी के बाजार में 10,000 से दो लाख रुपए तक के लहंगे हैं। इन सबके बावजूद लोग आर्डर देकर ही लहंगे बनवा रहे हैं। दिल्ली, मुंबई, बनारस, बरेली, कोलकाता आदि से डिजाइन किए हुए लहंगे एक से दो महीने के अंदर ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाते हैं।
साड़ी, शेरवानी के साथ शॉल का भी क्रेज
फैशन डिजाइनर विभा पांडे के अनुसार इस सीजन में इंडियन वेस्टर्न लुक का क्रेज बढ़ा है। डिजाइन से कलर को लेकर हर ओर डिजाइन ही छाया हुआ है। दूल्हे और दुल्हनों का रुझान इंग्लिश कलर्स की ओर बढ़ा है। साथ ही आरेंज, मेजेंटा, चेरी, पिंक, फिरोजी का ट्रेंड बढ़ा है।
लहंगे में जहां फिश कट की डिमांड है, वहीं सूट में अनारकली पैटर्न ज्यादा पसंद किया जा रहा है। दुल्हन आमतौर पर ऐसी साड़ियों को प्राथमिकता दे रही हैं, जिनमें उनका फिगर भी अच्छा दिखे और दुल्हन का लुक भी मिले। इस सर्दी के सीजन में हैवी फैब्रिक की डिमांड ज्यादा है। नए ट्रेंड में दुल्हन उसी कलर की शॉल पसंद कर रही हैं, जिस कलर की साड़ी है। साथ ही साड़ी और लहंगे पर जिस तरह का वर्क किया हुआ है, उसी तरह की कारीगरी शॉल पर भी पसंद की जा रही है। आमतौर पर दूल्हे सूट और शेरवानी में सर्दी से बच जाते हैं, लेकिन दुल्हन के लिए शॉल जरूरी होती है।
इंडो वेस्टर्न शेरवानी का जमाना
शेरवानी का जमाना भी अब लदने लगा है। इस सीजन में इंडो वेस्टर्न शेरवानी की मांग देखी जा रही है। यह सूट और शेरवानी का मिश्रण है। यह शेरवानी से थोड़ा छोटा होता है तथा सूट से कुछ लंबा। जो लोग शेरवानी पसंद कर रहे हैं, वे हैवी वर्क की ओर जा रहे हैं। जैनम शोरूम के महेंद्र जैन ने बताया कि लड़कों में इंडो वेस्टर्न पैटर्न की मांग है। शेरवानी का कंसेप्ट बदल गया है।
ट्रेडिशनल कलर के स्थान पर अब कलरफुल शेरवानी का ट्रेंड बढ़ा है। साथ ही हैवी वर्क की भी खासी मांग है। विमल वाटिका के महेश चौधरी ने बताया कि अब दूल्हे के दोस्त और रिश्तेदार भी शेरवानी पसंद कर रहे हैं। वे लाइट वेट शेरवानी पसंद कर रहे हैं। राजधानी में 2000 से 60 हजार रुपए तक की शेरवानी बिक रही हैं।
टाई की जगह ब्रोच
दूल्हे जहां शादी में शेरवानी पसंद कर रहे हैं, वहीं पार्टी के दौरान सूट को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। सूट पर भी टाई की जगह लोग ब्रोच लगाना पसंद कर रहे हैं। इसमें भी डायमंड के ब्रोच को ज्यादा तरजीह दी जा रही है। इस सीजन में डार्क सूट की मांग ज्यादा है। अब तो प्लेन सूट की मांग कम हो रही है। कलाकारी किए सूट ही ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
पार्टी में साड़ी ही पहली पसंद
शादी की रस्मों के दौरान दुल्हन भले ही लहंगा पहनना पसंद करे, लेकिन पार्टी में साड़ी ही पहनना पसंद करती है। साड़ी की स्टाइल और कलर में भी काफी बदलाव आया है। इस सीजन में हाफ नेट, हाफ जार्जेट, हाफ बनारसी साड़ियों की मांग ज्यादा है। यंग लड़कियां पार्टी में सूट पसंद कर रही हैं।










