Thursday, Nov 19th, 2009, 5:01 am [IST]  

danik bhaskarविमान में बैठे यात्री भगाते रहे मच्छर

Bhaskar Correspondent

indoreइंदौर. दिल्ली से भोपाल-इंदौर होकर मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान आईसी 134 में सवार यात्री मंगलवार शाम पूरे सफर में मच्छरों से परेशान होते रहे। इंदौर में विमान से उतरने वक्त जब कुछ यात्रियों ने कैबिन क्रू से इस बदइंतजामी पर विरोध दर्ज करवाया तो उसने इसे बहुत ही हलके ढंग से लेते हुए यह तक कह दिया कि थैंक्स फॉर द कॉम्प्लीमेंट्स।

शाम 6.30 बजे दिल्ली से उड़ने वाली फ्लाइट करीब 25 मिनट विलंब से रवाना हुई। इसमें प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव इकबालसिंह बैस, एवीएन के एमडी प्रवीण गर्ग भी थे। दिल्ली विमानतल पर ही विमान में मच्छरों को सिर पर मंडराता देख यात्री चौंक पड़े।



जब उन्होंने कैबिन क्रू का ध्यान इस ओर आकर्षित किया तो उसने जल्दी ही इसके निदान का आश्वासन दिया। दिल्ली विमानतल छोड़ने के बाद तक इस दिशा में कुछ नहीं हो पाया। दिल्ली से भोपाल के बीच तो कुछ यात्रियों को अपनी सीट तक बदलना पड़ी। कई यात्री अखबार और मैग्जीन हाथ में लेकर मच्छर भगाते रहे तो कुछ मच्छर मारने में लगे रहे।



कैबिन क्रू को तलब किए जाने पर उसने इस मामले में ग्राउंड स्टाफ की लापरवाही की बात कही और भोपाल एयरपोर्ट पर हर हालत में इसका निदान करवाने का आश्वासन दिया। विमान में सवार इंदौर के उद्योगपति कमल कस्तूरी के मुताबिक विमानतल पर करीब एक घंटा विमान खड़ा रहा फिर भी किसी ने सुध नहीं ली।



इस दौरान सफाई कर्मचारी भी आए पर दिल्ली में उठी शिकायत का निदान नहीं हो पाया। एक अन्य यात्री पुष्पलता शर्मा के मुताबिक भोपाल से इंदौर के बीच फिर यही हालत रही। स्टाफ के एक सदस्य महेश ने इसे ग्राउंड स्टाफ की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि मैं तो विमान छोड़कर किसी को बुलाने नहीं जा सकता। इंदौर पहुंचने के पहले तो कैबिन क्रू ने यात्रियों के बजर पर ध्यान देना ही बंद कर दिया। इंदौर में विमान से उतरते समय यात्री इस बदइंतजामी पर एयरलाइंस को बुरी तरह कोसते नजर आए।



इस मुद्दे पर दिल्ली व भोपाल बात करूंगा



कुछ यात्री मेरे ध्यान में यह बात लाए हैं। मैं इस मुद्दे पर दिल्ली व भोपाल बात करूंगा। यदि यात्रियों ने कैबिन क्रू का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था तो उन्हें इसे गंभीरता से लेना था। - वी.एन.गाडगिल, स्टेशन मैनेजर, इंडियन एयरलाइंस, इंदौर



आधा घंटा ढूंढ़ते रहे यात्री को



इसी उड़ान में भोपाल में करीब आधा घंटे का विलंब एक यात्री के अचानक गायब हो जाने के कारण हुआ। दरअसल जब उड़ान भोपाल से रवाना होने वाली थी तब पता चला कि एक यात्री कम है। कैबिन क्रू के साथ सिक्युरिटी स्टाफ की मशक्कत व दिल्ली से भोपाल तक का रिकॉर्ड खंगालने के बाद भी उस यात्री को ढूंढ़ा नहीं जा सका। आखिरकार पायलट ने टेकऑफ के निर्देश दिए और उक्त यात्री के बिना ही उड़ान रवाना कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक उक्त यात्री इंदौर आने के बजाय संभवत: भोपाल में ही उतर गया।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: