संसार चन्द्र के भाई ने बताया था प्रेम नेगी का नाम
अलवर. दिल्ली में मजनूं का टीला इलाके से गिरफ्तार किए गए बाघों की खाल व वन्यजीव अंगों के तस्कर प्रेम नेगी का नाम संसार चन्द्र के भाई नारायण से की गई पूछताछ में भी सामने आया था। सरिस्का अभयारण्य के डीएफओ सुनयन शर्मा ने बताया कि वन्यजीव तस्करों का पूरा नेटवर्क दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके से चलता था।
देशभर में बाघ-बघेरों के शिकार के बाद खाल व वन्यजीवों के अंग दिल्ली पहुंचाए जाते थे। यहां से प्रेम नेगी व अन्य तस्कर तिब्बतियों के जरिए इस माल को नेपाल होते हुए तिब्बत पहुंचाते थे। तिब्बत में आयोजित सांस्कृति समारोहों में टाइगर की खाल को पहनकर डांस करना शान का प्रतीक माना जाता है। इसी के चलते तिब्बत में टाइगर की खाल व वन्यजीवों के अंगों की भारी डिमांड रही है।
संसार चन्द्र के भाई नारायण ने रिमांड के दौरान सरिस्का में प्रेम नेगी का नाम लिया था। उल्लेखनीय है कि प्रेम नेगी व उसके सहयोगी को सीबीआई ने हाल ही दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेहीपर सीबीआई ने दो टाइगरों की खाल बरामद की है। ये दोनों टाइगर महाराष्ट्र के चन्द्रपुर इलाके में शिकार किए थे।










