चिड़ियाघर में अब नहीं रहेंगे मोती-चम्पा

इंदौर. कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में रह रहे हाथी (मोती) और हथिनी (चम्पा) को अब यहां नहीं रखा जा सकेगा। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने पत्र के जरिये चिड़ियाघर प्रशासन को यह निर्देश दिए हैं।
दरअसल, सप्ताहभर पहले ही सीजेडए ने यह निर्णय लिया था कि देशभर के चिड़ियाघरों में रह रहे हाथियों को अब मुक्त कर जंगल में छोड़ा जाएगा। पत्र में दिए गए बिंदुओं के आधार पर चिड़ियाघर प्रशासन वन विभाग के सहयोग से यह प्रक्रिया शुरू करवाएगा।
शिफ्टिंग का खर्चा सीजेडए देगा
खास बात यह है कि हाथियों की शिफ्टिंग का खर्च सीजेडए ही देगा। पत्र में कहा गया है कि हाथियों को कहां रखना है यह वन विभाग को तय करना है। बस इसके लिए जंगल जैसा माहौल होना जरूरी है।
जल्द ही शिफ्टिंग
चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. डी.सी. गर्ग ने बताया सीजेडए से मिले पत्र के अनुसार हाथियों की शिफ्टिंग की जाना है। हम जल्द ही प्रक्रिया शुरू कर देंगे।
सभी विकल्पों पर विचार करेंगे
वन विभाग के डीएफओ एल. कृष्णमूर्ति ने कहा मुझे अभी इससे संबंधित पत्र नहीं मिला है। पत्र आने के बाद पूरे निर्देश को समझेंगे। इसके बाद सभी विकल्पों पर विचार किया जाएगा।










