महिलाओं को ठगने का खेल
जबलपुर. गढ़ा के मुजावर मोहल्ला में रहने वाली एक महिला ने आस-पड़ोस की महिलाओं का भरोसा जीतकर उनके नाम पर ही लोन ले लिया। लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाली महिला फरार बताई जाती है।
उक्त घटना को लेकर बुधवार की दोपहर गढ़ा थाने में काफी गहमा-गहमी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में थाने पहुंचीं महिलाओं का आरोप था कि जुबैदा उर्फ गुड्डी नामक महिला ने लगभग दस महिलाओं के नाम पर लोन लिया था, जबकि कुछ महिलाओं को लोन दिलाकर आरोपी महिला ने उनकी किश्त ही हड़प ली।
हस्ताक्षरित शिकायत सौंपते हुए सईन परवीन, शाहिन, अफसाना बी, शबनम बी, मुन्नी बी, अफरोज, ज्योति बाई, रानी बाई, मरियम बी, अनीशा आदि ने आरोपी महिला के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
भाई बहन ने मिलकर ठगा
बरसों पुरानी संबंधों की दुहाई देते हुए करमेता शारदा नगर निवासी भूरा प्रसाद को एक युवक व उसकी बहन ने ठग लिया। शिकायतकर्ता ने एसपी को हस्ताक्षरित शिकायत सौंपते हुए बताया कि पुराने संबंधों का हवाला देते हुए मंडला निवासी एक युवक व उसकी बहन ने मिलकर उसके नाम पर लोन ले लिया और अब दोनों मिलकर उसकी संपत्ति हड़प करना चाहते हैं।
मेरा पति निर्दोष है
माढ़ोताल स्थित हमारी पैतृक सम्पत्ति हड़पने के साथ ही हमें मरवाने की साजिश रची जा रही है। उक्त आरोप लगाते हुए प्रेम नगर गुप्तेश्वर निवासी इंजीनियर हर्षराज वैद्य की पत्नी रमारानी वैद्य ने कहा कि मेरे पति निर्दोष हैं, उन्होंने कोई गलती नहीं की है।
शहर के एक प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में आकर ही गोहलपुर पुलिस ने मेरे पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं हमारे परिवार के ऊपर भी अन्य कई मामले दर्ज कराने की धमकी भी मिलती रहती है। पति के बचाव में सामने आई हर्षराज वैद्य की पत्नी रमारानी ने इस मामले की उचित जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
लड़की पैदा होने पर घर से निकाला
लड़की के जन्म लेते ही गोहलपुर निवासी 23 वर्षीय शगुफ्ता अंजुम को उसके ससुराल वालों ने उसको घर से निकाल दिया और वापस बुलाने के लिए एक लाख नगद की मांग की। थाने पहुंची महिला ने बताया कि उसका विवाह 3 वर्ष पूर्व चारखंबा निवासी असलम से हुआ था।
शादी के बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद से ही पति, सास, ससुर, लड़की होने पर नाराज हो गए और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया।
तभी से वह अपने मायके में रह रही है। पति ने उसे धमकाते हुए कहा है कि यदि एक लाख रुपए लाओगी तो ही तुम्हे ससुराल में रहने मिलेगा।










