नर्सरी एडमिशन पर निदेशालय सख्त
नई दिल्ली. नर्सरी दाखिले के मोर्चे पर शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों को ठेंगा दिखाकर प्रक्रिया शुरू करने वाले बाल भारती पब्लिक स्कूल प्रशासन को अपना कदम रोकना पड़ गया। निदेशालय की ओर से दाखिला कार्यक्रम की अनदेखी के बाबत जारी नोटिस के बाद स्कूल प्रशासन को अपनी प्रक्रिया रोकनी पड़ी। यानी दाखिला प्रक्रिया के लिए जारी पंजीकरण प्रक्रिया के बाद की कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है।
बाल भारती पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट बोर्ड के सदस्य व दिल्ली के पब्लिक स्कूलों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष एसके भट्टाचार्य ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया पर रोक का निर्णय बोर्ड की ओर से निदेशालय के रवैये को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानूनी पहलुओं को परखने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट की जाएगी।
हालांकि उन्होंने साफ कर दिया है कि इस समूचे मामले पर चर्चा और आगे की रणनीति तैयार करने को लेकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी गुरुवार को चर्चा करने जा रही है। भट्टाचार्य ने बताया कि निदेशालय के रवैये के खिलाफ जल्द ही कमेटी अपना रुख साफ करेगी। बाल भारती पब्लिक स्कूल, रोहिणी की ओर से दाखिला प्रक्रिया को रोके जाने की पुष्टि वेबसाइट पर कर दी गई है।
स्कूल के प्रिंसिपल की ओर से जारी जानकारी में स्पष्ट किया गया है कि उनकी ओर से शुरू की गई दाखिला प्रक्रिया नियमों के तहत उचित थी, इसके वाबजूद निदेशालय के रवैये को देखते हुए स्कूल की ओर से चुने हुए छात्रों की पहली सूची अब 1 फरवरी 2010 को जारी होगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की बात करें तो यह सूची 18 नवंबर को जारी होनी थी।










