यह तो खुली लूट मचा रखी है
जोधपुर. जेएनवीयू में बीए, बीएससी और बी.कॉम प्रथम वर्ष में अनिवार्य कंप्यूटर शिक्षा के लिए स्टूडेंट्स को 30 रुपए मूल्य की प्रायोगिक पुस्तक खरीदने के लिए मनमर्जी के कायदे चलाए जा रहे हैं। विवि प्रशासन की नाक के नीचे चल रहे इस गोरखधंधे की भनक तक जिम्मेदारों को नहीं लगी। बुधवार को एक जागरूक पाठक से सूचना मिली कि न्यू कैंपस स्थित साइंस फैकल्टी में बीएससी प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स को प्रायोगिक फाइल खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कंप्यूटर लैब संचालक ने इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति तक लेना उचित नहीं समझा। बीए, बी. कॉम और बीएससी प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स के लिए कंप्यूटर शिक्षा जरूरी है। विवि प्रशासन ने एचआर इंफोटेक को इसका कांट्रेक्ट दे रखा है जो थ्योरीटिकल और प्रेक्टिकल ट्रेनिंग दे रही है।
पढ़ाई अभी शुरू हुई है और फर्म के जिम्मेदारों ने कमाई करने के लिए नया आदेश निकाल दिया कि सभी स्टूडेंट्स पर खास प्रेक्टिकल फाइल खरीदने की अनिवार्यता लागू कर दी और कहा गया कि यह कंप्यूटर लैब में ही मिलेगी। फर्म के संचालक की ओर से विज्ञान संकाय के एंजकॉल और लैब के मुख्य गेट के बाहर ये बाकायदा निर्देश भी चस्पा कर दिए गए।
टीम मौके पर पहुंची तो विज्ञान संकाय में एंग्कॉल के बाहर चस्पा किए हुए नोटिस को देखकर हैरान रह गई। नियमों के अनुसार इसकी इजाजत ली जानी चाहिए थी लेकिन सूचना चस्पा करने से पूर्व उसने ना तो संकाय डीन से इजाजत ली और ना ही यूनिवर्सिटी प्रशासन से। स्टूडेंट्स जब पता करने पहुंचे तो इसकी कीमत 30 रुपए बताई गई।
हैरानी की बात यह है कि अब तक स्टूडेंट्स हाथों से लिखकर ही प्रेक्टिकल फाइल तैयार कर लेते थे। बीएससी के कई स्टूडेंट्स ने यह प्रेक्टिकल फाइल दिखाते हुए बताया कि यह तो सरासर हमें ठगा जा रहा है। बाजार में भी मिलने वाली प्रेक्टिकल फाइल की कीमत इससे कम है। लैब में यह फाइल बेचने वाले ठेका फर्म के अस्थाई कर्मचारी से पूछा तो उसने बताया कि आगे से आदेश आए हैं, यह तो हर स्टूडेंट के लिए जरूरी है।
हालांकि इन पर किसी के दस्तखत नहीं थे। नोटिस को देखकर टीम ने जब जिम्मेदारों से पूछा तो पता चला कि उन्हें तो इस तरह के नोटिस और वसूली की कोई जानकारी ही नहीं है।
प्रेक्टिकल फाइल विवि से खरीदना जरूरी नहीं
विज्ञान संकाय के डीन प्रो.जी.सी.टिक्कीवाल से सीधी बात
क्या प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स को प्रेक्टिकल फाइल खरीदना जरूरी है?
नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है।
तो फिर कैसे विज्ञान संकाय में इसे खरीदने का नोटिस लगा है?
कहां पर लगा है नोटिस? मुझे तो इसकी जानकारी ही नहीं है।
क्या आपकी जानकारी के बिना नोटिस लगाया जा सकता है?
नहीं। मैं अभी पूरे मामले को दिखवाता हूं।
नोटिस के अनुसार ऐसे निर्देश हैं कि 30 रुपए की यह फाइल लेना जरूरी है?
मैं आज ही अवकाश से आया हूं, इसलिए पूरी जानकारी नहीं है कि किसके आदेश से यह नोटिस लगा है।
उस पर हस्ताक्षर नहीं है। अब क्या कार्रवाई होगी?
मैं लैब के कांट्रेक्टर को पत्र लिखकर पूछता हूं कि किसके निर्देश पर ऐसा किया।
क्या दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी?
जांच करवाकर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।



