अचानक ट्रेन के डिब्बे में पथराव
पानीपत. पहले तो कुछ समझ में नहीं आया। लोग गुस्से में थे लेकिन बात इतनी बढ़ जाएगी किसी ने सोचा नहीं था। अचानक ट्रेन के डिब्बे में पथराव होने लगा। मानो भीड़ ने हमला कर दिया हो। डिब्बे के अंदर अफरा-तफरी का माहौल था। हर कोई सिर्फबचने की कोशिश में लगा हुआ था।
गनीमत यह रही कोई भी पत्थरों का शिकार नहीं हुआ। लेकिन प्रत्येक यात्री इस बात से डरा हुआ था कि आगे क्या होने वाला है। यह कहना था वन एचएनके लोकल ट्रेन के यात्री राजेश चानना का। बता दें कि आजादपुर मंडी के समीप बुधवार रात साढ़े सात बजे ट्रेन पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था। पथराव का कारण ट्रेन का न चलना था। जानकारी के अनुसार अजादपुर मंडी के पास एक माल गाड़ी खराब हो गई, जिसकी रेलवे ट्रैक पर ही मरम्म्मत चल रही थी।
इसी वजह से दिल्ली से 6:40 पर चलने वाली वन एचएनके मीमू एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। गाड़ी रुके लगभग 1 घंटा हो गया था, जिसे दैनिक यात्री बहुत परेशान हो गए। परेशानी में ही कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। जिससे ट्रेन के अंदर बैठे लोगों के बीच भगदड़ जैसा माहौल बन गया है।
हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी, लेकिन दहशत का माहौल जरूर बन गया। इसी दहशत में कुछ यात्री स्टेशन अधीक्षक से भी जा भिड़े और बात लड़ाई—झगड़े तक जा पहुंची। इसके कुछ देर बाद ही मालगाड़ी को ट्रेक पर से हटा दिया गया और एचएनके गाड़ी को चलाया गया।
घटनाक्रम से एचएनके गाड़ी एक घंटा लेट
इस पूरे घटनाक्रम से एचएनके गाड़ी 1 घंटा लेट हो गई। पथराव वाले डिब्बे में सवार पानीपत के रेल वार्डन सुरजीत सिंह ने बताया कि पथराव की स्थिति में वो भी घबरा गया था। इसी घबराहट में उसने अपनी खिड़की का प्लास्टिक का कवर नीचे कर दिया तथा पथराव से बचाव किया।
उसकी देखा-देखी अन्य सवारियों ने भी अपने शीशे के प्लास्टिक के कवर नीचे कर दिए, ताकि पथराव से बचा जा सके। गाड़ी के गार्ड राजेश ने बताया कि गाड़ी पर पथराव यात्रियों ने ही किया है। लोगों ने गाड़ी न चलने से परेशान होकर यह कदम उठाया था। जब गाड़ी चली तभी लोगों की जान में जान आई।










