हिसाब नहीं दिया तो अयोग्य
जावरा. नगर निगम और नगरपालिका में चुनाव के नियमों का पालन नहीं करने पर निर्वाचन आयोग ने कई लोगों को अयोग्य घोषित कर दिया है। पिछले चुनाव के दौरान पार्षद सहित अन्य पदों पर खड़े हुए उम्मीदवारों ने निर्धारित अवधि में आयोग के समक्ष हिसाब प्रस्तुत नहीं किया तो इस बार आयोग ने उन्हें चुनाव के लिए अयोग्य घोषित कर दिया।
मप्र नगरपालिक निगम अधिनियम १९९५ तथा मप्र नगरपालिका अधिनियम १९६१ के तहत पिछले नगरीय निकाय चुनाव में खड़े हुए अनेक उम्मीदवार निर्वाचन आयोग के समक्ष निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं कर पाए।
रतलाम जिले में ऐसे ११ व्यक्तियों को आयोग ने अयोग्य घोषित कर उनकी सूची रिटर्निग अधिकारियों को भेज दी है। रतलाम, जावरा, पिपलौदा, बड़ावदा, ताल व आलोट क्षेत्र की नगरीय निकायों के इन लोगों को अयोग्य घोषित करने के साथ ही उनकी सूची रिटर्निग अधिकारी कार्यालय के बाहर भी लगा दी है।
इन्होंने नहीं दिया हिसाब - रतलाम नगर निगम क्षेत्र में सुनीता टांक, जावरा नपा क्षेत्र में कैलाश गंजा, जैमिनी उर्फ भोला, पिपलौदा नगर पंचायत क्षेत्र के राजू जाट, नगर पंचायत बड़ावदा कुसुम सकलेचा, रजनी जोशी, रमादेवी शर्मा, सुशीला बाफना, ताल नगर पंचायत क्षेत्र से आशा कुंवर, आलोट नगर पंचायत क्षेत्र के कालूसिंह, किशोर पोरवाल को चुनाव में अयोग्य घोषित कर दिया है।
मतदान केंद्र पहुंचे एसडीएम - बुधवार को एसडीएम मदनकुमार ने नपा टाउनहॉल से मतदान केंद्रों का निरीक्षण शुरू किया और करीब एक दर्जन मतदान केंद्रों पर जाकर भौतिक सत्यापन किया। एसडीएम ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं करने तथा कंट्रोल रूम में नागरिकों के लिए जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान नपा स्वास्थ्य निरीक्षक वी.सी. शर्मा व कर्मचारी उनके साथ थे।
आज से जमा होंगे नाम निर्देशन पत्र - जावरा नपा अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन-पत्र जमा करने का काम १९ से २६ नवंबर दोपहर तीन बजे तक चलेगा।
नपा अध्यक्ष के लिए एसडीएम मदनकुमार नाम निर्देशन-पत्र जमा करवाएंगे। वार्ड १ से १क् तक पार्षद के लिए तहसीलदार आर.पी. वर्मा, वार्ड ११ से २क् तक के लिए पीएचई एसडीओ सुनील उदिया, वार्ड 21 से 30 के लिए एसडीओ राजेंद्र सोनगरा को जिम्मेदारी दी गई है।
आज आएंगे भाजपा पर्यवेक्षक- भाजपा उम्मीदवारी तय करने के पूर्व कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के लिए १९ नवंबर को पर्यवेक्षक जावरा आएंगे। पार्टी की ओर से मंदसौर के पूर्व विधायक ओमप्रकाश पुरोहित व उज्जैन नगर निगम के पूर्व सभापति प्रकाश चित्तौड़ा को पर्यवेक्षक बनाया गया है। वे सुबह १क् बजे खाचरौद रोड स्थित राठौर धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।










