महापौर भसीन ने बनाई भरोसेमंदों की टीम
भिलाई. महापौर विद्यारतन भसीन ने नई एमआईसी का गठन कर दिया। उन्होंने दिक्कत पैदा करने वाले छह सदस्यों की छुट्टी कर दी है। इनमें ज्यादातर प्रेमप्रकाश पांडेय समर्थक हैं। उनके बदले नए चेहरे लिए हैं, जिसमें सरोज पांडेय के समर्थकों को खासतौर पर तवज्जो दी गई है।
तीन महिला सदस्यों को शामिल करने के बाद अब एमआईसी में आठ महिलाएं हो गई हैं। यही नहीं महापौर ने नए लोगों पर ज्यादा भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी है। आठ पुराने सदस्यों को अपनी टीम में तो रखा है, लेकिन उनमें से कुछ लोगों का कद घटा दिया गया है। महापौर को अपने ही मंत्रिमंडल के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा था।
सामान्य सभा में कई ऐसे मौके आए जब एमआईसी मेंबर अपने ही नेतृत्व पर उंगली उठाने से नहीं हिचकिचाए। तभी से भसीन ने पूरा मन बना लिया था कि वे अपने विश्वासपात्रों की नई टीम बनाएंगे। नई एमआईसी में भूषण अग्रवाल को खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग, एस अनिल कुमार को पीडब्ल्यूडी और मोंगरा देशमुख को जल कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जवाबदारी दी गई है। इनके अलावा गीता दुबे को नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा, हेमलता वर्मा को पर्यावरण एवं उद्यानिकी और ललित मोहन को शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग दिया गया है।
महापौर ने राजस्व विभाग प्रभारी जोगेंदर शर्मा, युवा कल्याण एवं खेलकूद मनोज यादव, पीडब्ल्यूडी प्रभारी रजनीशकांत कन्नौजे, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी कामील राबर्ट, नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा प्रभारी विद्या ठाकुर और संस्कृति संरक्षण विभाग प्रभारी पुष्पलता राव की छुट्टी कर दी है। आठ पुराने सदस्यों को अपने मंत्रिमंडल में रखा है, लेकिन विभागों में परिवर्तन कर दिया गया है। टी जया रेड्डी से जलकार्य विभाग का कामकाज वापस लेकर उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
संतोष वर्मा को वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण, महेश साहू को राजस्व, अनिता वर्मा को अगि्नशमन, विद्युत एवं यांत्रिकी, शकुंतला साहू को गरीबी उपशमन एवं समाज कल्याण और रामबाई वर्मा को संस्कृति, पर्यटन, मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण विभाग दिया गया है। पुष्पलता सिंह सामान्य प्रशासन एवं विधायी कार्य और धन्नू नाग अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण विभाग का काम पहले कर तरह ही संभालते रहेंगे।










