Danik Bhaskar Logo
| 27 Editions | 9 States

Investor
Thursday, Nov 19th, 2009, 7:50 am [IST]  

danik bhaskarनकली नोटों के कारोबार का खुलासा

Bhaskar Correspondent

हिसार. शहर में एक बार फिर हजारों रुपए के नकली नोटों के कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने जाली करंसी रखने के आरोप में सैनियान मोहल्ला निवासी मुकेश सैनी और न्यू मॉडल टाउन निवासी ऊषा को गिरफ्तार किया है। दोनों को पुलिस ने बुधवार को सीजेएम आरपी गोयल की अदालत में पेश किया।



अदालत ने महिला को जेल भेजा जबकि मुकेश को दो दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। ऊषा, तांत्रिक हबीब खान की तलाकशुदा पत्नी है। खतना करके युवकों का धर्र्मातरण कराने के एक मामले को लेकर हबीब चर्चाओं में आया था।



आरोपानुसार ऊषा और मुकेश बीते रोज शहर की लाला लाजपत राय चौक के समीप एक नामी ज्वैलरी शॉप पर जेवरात खरीदने आए थे। किसी ने सिटी थाना पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस की एक टीम ने छापा मारकर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने युवक मुकेश की पेंट की जेब से 20 हजार की जाली करंसी बरामद की थी।



इसमें एक हजार रुपए के चार और 500 रुपए के 32 नकली नोट थे। इसके अलावा ऊषा के कब्जे से 19 हजार 500 रुपए की जाली करंसी बरामद हुई थी। इसमें एक हजार के पांच और 500 के 29 नोट थे। पुलिस ने दोनों से 39 हजार 500 रुपए की जाली करंसी बरामद की थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



मुकेश के पास और भी हैं नकली नोट



पुलिस के अनुसार मुकेश ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि पांच दिन पहले उसने पड़ाव इलाके के एक युवक से 45 हजार रुपए की जाली करंसी ली थी। इनमें 1000 और 500 के नोट शामिल हैं। उसने 19 हजार 500 रुपए अपनी परिचित ऊषा को दे दिए थे।



उसने ऊषा की बहन मीरा के घर में भी 5500 रुपए की जाली करंसी छिपा रखी है। मीरा का घर राजस्थान के जिला गंगानगर के गांव भागसर में है। पुलिस ने भागसर से नकली नोट बरामद करने के लिए उसका पुलिस रिमांड हासिल किया है।



कई बार पकड़े जा चुके नकली नोट



नकली नोटों के कारोबार का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कई बार नकली नोटों के साथ कई युवक पकड़े जा चुके हैं। चार माह पहले पुलिस ने बस अड्डे के समीप दो युवकों को जाली करंसी के साथ गिरफ्तार किया था। करीब चार साल पहले पुलिस ने सेक्टर 9-11 में एक मकान में छापा मारकर नकली नोट तैयार करने के कारोबार का खुलासा किया था।



शक की सुई महिला के पूर्व पति पर



नकली नोटों के मामले में पुलिस की नजर गिरफ्तार महिला ऊषा के पूर्व पति हबीब खान पर है। पुलिस को सूचना मिली है कि बेशक महिला का हबीब से तलाक हो गया, लेकिन वह अब भी ऊषा से मिलने आता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हबीब खान की तलाश शुरू कर दी है।



पुलिस के अनुसार करीब बीस साल पहले राजस्थान की एक महिला ऊषा व राजस्थान के एक कथित तांत्रिक हबीब खान ने हिसार आकर लव मैरिज की थी। इसके बाद दोनों हिसार की महाबीर कॉलोनी में पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। यहां रहकर हबीब ने तंत्र विद्या का काम शुरू किया।



कुछ समय बाद उन पर आईएसआई का एजेंट होने के आरोप लगने लगे। बाद में हबीब पर क्षेत्र के कुछ युवकों का खतना करने का मामला दर्ज हो गया। अदालत में चले अभियोग में हबीब पर आरोप साबित नहीं हुए और वह बरी हो गया। पुलिस के अनुसार करीब 10 साल पहले ऊषा व हबीब का आपस में तलाक हो गया था।



उषा ने फिर से हिंदू धर्म अपनाकर मॉडल टाउन में रहना शुरू कर दिया। हबीब ने भी अपना ठिकाना बदलकर कहीं और रहना शुरू कर दिया। अब ऊषा नकली नोटों के मामले में सैनियान मोहल्ले के एक युवक मुकेश के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार हुई है। तो अब पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि आखिर यह नकली नोट आए कहां से।



पुलिस जांच कहती है



पुलिस की जांच के अनुसार ऊषा को रुपए मुकेश ने दिए थे। इन रुपयों को लेकर वह मंगलवार को एक दुकान पर जेवर खरीदने के लिए आई थी। इसी दौरान पुलिस को भनक लगने पर पकड़ी गई। पूछताछ के दौरान ऊषा ने बताया कि वह मुकेश को अपना बेटा मानती है तथा पिछले कई सालों से उसका ख्याल रख रहा है।



पुलिस ने मुकेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसको यह रुपए पड़ाव के एक युवक ने दिए थे। मुकेश के बयान पर पुलिस ने मंगलवार को ही पड़ाव के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।



मुकेश को लिया रिमांड पर



इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब पुलिस की नजरें महिला के पूर्व पति हबीब खान पर आकर टिक गई है। इस बारे में पुलिस को सूचना मिली है कि ऊषा से मिलने के लिए अब भी हबीब खान आता है। इस सूचना के आधार पर अब पुलिस ने हबीब की तलाश शुरू कर दी है।



इसके अलावा पुलिस ने मुकेश से भी सच्चई उगलवाने के लिए उसका दो दिन का रिमांड लिया है। इसकी पुष्टि करते हुए शहर थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस का शक ऊषा के पूर्व पति हबीब पर भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कुछ दिनों में क्लीयर हो जाएगा कि नकली नोटों के मामले के तार कहां से जुड़े हुए हैं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: