साढ़े दस बजे से नामांकन
ग्वालियर. नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया 19 नवंबर गुरुवार से प्रारंभ हो जाएगी। साठ वार्डो को छह भागों में बांटकर पार्षद पद के नामांकन फार्म लेने की व्यवस्था की गई है। महापौर पद के लिए नामांकन फार्म कलेक्टर (जिला निर्वाचन अधिकारी) आकाश त्रिपाठी लेंगे। नामांकन फार्म सुबह साढ़े दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर है। रविवार 22 नवंबर को अवकाश रहेगा।
महापौर पद के लिए नामांकन फार्म लेने के काम में कलेक्टर की मदद अपर कलेक्टर आरके मिश्रा करेंगे, जिन्हें सहायक रिटर्निग अधिकारी बनाया गया है। अपर कलेक्टर आरके जैन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह चौहान व कई पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने दोपहर बाद कलेक्टर परिसर का निरीक्षण किया।
मतगणना एमएलबी कालेज में: मतगणना स्थल को लेकर आ रही समस्या बुधवार को खत्म हो गई। कलेक्टर ने एमएलबी कालेज परिसर का निरीक्षण किया। अब एमएलबी कालेज परिसर से ही सामग्री का वितरण होगा और यहीं पर सामग्री वापस प्राप्त कर मतों की गिनती होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शरद श्रोत्रिय ने बताया कि निरीक्षण के बाद अब एमएलबी कालेज परिसर से ही सामग्री का वितरण होगा और यहीं पर सामग्री वापस प्राप्त कर मतों की गिनती होगी।
सूचना आज जारी होगी
कलेक्टर द्वारा 19 नवंबर की सुबह 10.30 बजे निर्वाचन सूचना जारी की जाएगी। इसी दौरान सीटों के आरक्षण व मतदान केंद्रों की सूची भी जारी होगी।
नाम वापसी 30 तक
नामांकन फार्म 26 नवंबर तक लिए जाएंगे। 27 नवंबर को सुबह 10.30 बजे से फार्मो की जांच होगी। नाम वापसी के लिए 30 नवंबर अपराह्न तीन बजे तक का समय तय किया गया है।
मतदान 11 को
प्रथम चरण में ग्वालियर व डबरा नगर पालिका के लिए 11 दिसंबर को सुबह आठ बजे से वोट डलेंगे। यहां पर मतगणना 15 दिसंबर को सुबह 9 बजे से होगी। दूसरे चरण में 14 दिसंबर को नगर पंचायत बिलौआ, पिछोर, आंतरी व भितरवार में मतदान होगा।
शस्त्र, बैण्ड पर प्रतिबंध
नामांकन प्रक्रिया जारी रहने पर गोरखी परिसर में बैण्ड व वाहनों के प्रवेश की इजाजत नहीं रहेगी। इसी तरह से राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों व उम्मीदवारों को मिले अंगरक्षक भी हथियार के साथ परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
पार्षद पद के लिए यहां होंगे नामांकन
वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक : संयुक्त कलेक्टर नियाज अहमद खान के कक्ष में।
वार्ड क्रमांक 11 से 20 तक: संयुक्त कलेक्टर राजेश बाथम खनिज शाखा के पास बने बड़े कक्ष में।
वार्ड क्रमांक 21 से 30 तक: एसडीएम कक्ष में साडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार पुरुषोत्तम के पास।
वार्ड क्रमांक 31 से 40 तक: अपर कलेक्टर वेदप्रकाश के कक्ष में सहायक कलेक्टर छवि भारद्वाज के पास।
वार्ड क्रमांक 41 से 50 तक: उप संचालक मण्डी बोर्ड व अपर कलेक्टर अनिल खरे, तहसीलदार कार्यालय में।
वार्ड क्रमांक 51 से 60 तक: एडीएम आरके जैन के कक्ष में जीडीए के सीईओ विजय अग्रवाल के पास।
मुख्य द्वार से प्रवेश नहीं
नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होने से कलेक्टर परिसर के मुख्यद्वार से आम जनता का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस द्वार का उपयोग केवल अधिकारी-कर्मचारी ही कर सकेंगे। नामांकन फार्म भरने आने वाले उम्मीदवार व उनके समर्थक गालव प्रेस वाले गेट से ही प्रवेश कर सकेंगे। एक प्रत्याशी के साथ दो अन्य को ही अधिकारी के कक्ष में प्रवेश की इजाजत होगी।










