कोहरा शुरू, संभलकर चलें
हिसार. मौसम में ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह के समय धुंध गिरनी शुरू हो गई है। इसके चलते सड़क हादसों में भी बढ़ रहे हैं। इस दौरान वाहन चालक कुछ सावधानियां बरतें तो हादसों से बचा जा सकता है। हिमाचल प्रदेश व जम्मू में हिमपात के कारण प्रदेश के आसमान पर धुंध का आवरण चढ़ना शुरू हो गया है।
धुंध का यह आवरण सुबह के समय ज्यादा होता है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में होने वाले सड़क हादसों के बारे में हर साल एक रिपोर्ट तैयार की जाती है। इस रिपोर्ट में पाया गया कि सबसे ज्यादा सड़क हादसे दिसबंर से लेकर फरवरी माह में होते हैं।
इन महीनों में भी उस दिन सबसे ज्यादा हादसे होते हैं जिस दिन धुंध का मौसम होता है। इन हादसों की जांच की जाती है तो यह बात सामने आती है कि धुंध में चालक द्वारा बरती गई लापरवाही हादसे का कारण थी। इसी कारण इन दिनों वाहन चलाते समय कुछ सावधानियां जरूरी हो जाती हैं।
संभव हो तो कोहरे में ड्राइविंग से बचें
एएसपी पंकज नैन के अनुसार पुलिस ने धुंध के समय हादसों से बचने के लिए नाकों, पीसीआर व राइडर पर रात के समय ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मचारियों को रिफ्लेक्टिव रॉड व रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध करा दी हैं। पुलिस आम आदमी से यही अपील करती है कि जब तक जरूरी न हो धुंध के समय ड्राइविंग से बचें।
इसके लिए पुलिस बार-बार लोगों को अभियान चलाकर जागरूक भी करती है। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली, फीटर रेहड़ों या उंट गाड़ियों के पीछे रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं। इस तरह की छोटी-छोटी सावधानियों से हादसों से बचा जा सकता है।










