जिसे भी टिकट मिले, उसे जिताएं
ग्वालियर. भाजपा के प्रदेश सह संगठन मंत्री भगवत शरण माथुर ने कहा कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश का सपना साकार करना है तो नगरीय निकायों के चुनाव में पूरे प्रदेश में भाजपा का परचम लहराना होगा। उन्होंने कहा कि विकास की पहली कड़ी नगरीय निकाय ही हैं।
श्री माथुर बुधवार को नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में आयोजित भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक का संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य माया सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा मौजूद थे।
श्री माथुर ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को लेकर दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है और प्रत्येक कार्यकर्ता खुद की जीत को लेकर आश्वस्त भी है। इसके बाद भी पार्टी किसी एक ही कार्यकर्ता को टिकट देगी। ऐसे में हम सभी को मिलकर उसका साथ देना है ताकि भाजपा की जीत हो।
राज्यसभा सदस्य श्रीमती सिंह ने कहा कि महापौर भाजपा का ही हो, इसके लिए हमें हरसंभव प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसा देखा गया है कि नगर निगम में भाजपा सत्ता में तो रही, लेकिन बहुमत के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में कार्यकर्ताओं को मेहनत कर परिषद में भाजपा का बहुमत लाना है।
बैठक से निराश हुए कार्यकर्ता
बैठक समाप्त होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा दिखी। वे नगरीय निकाय चुनाव की दावेदारी को लेकर कोई ठोस निर्णय या गाइड लाइन की उम्मीद में बैठक में शामिल हुए थे, लेकिन यहां चुनाव को लेकर दिए गए बौद्धिक को सुनकर उन्हें निराशा हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन कार्यकर्ता भी शामिल हो गए।










