बैंक को 3.50 लाख की चपत
कोटा. आईसीआईसीआई बैंक का तलवंडी स्थित एटीएम बुधवार को चालू हो गया है। खराबी के दौरान एटीएम से करीब 3.50 लाख रुपए की निकासी होने का अनुमान है। किसने इसका फायदा उठाया, अब उनका रिकॉर्ड चैक किया जाएगा। इसके बाद वसूली की कार्रवाई होगी।
बैंकिंग सूत्रों का कहना है कि एटीएम खराब होने के दौरान बैंक को करीब 3.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बैंक प्रबंधन फिलहाल इस बारे में मुंबई से रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा में है। एटीएम मेंटीनेंस कंपनी के प्रबंधक एसएम शर्मा ने बताया कि उदयपुर से आए तकनीकी विशेषज्ञ ने खराबी ठीक कर एटीएम चालू कर दिया है।
इसकी रिपोर्ट मुंबई से जल्द ही उनको मिल जाएगी। मुंबई से स्लिप आने के बाद पता लगेगा कि कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम को जिस समय एटीएम से लगातार नोट निकले थे, उस समय ज्यादातर पढ़ने वाले बच्चे ही थे।
एटीएम के कैमरे में आयी तस्वीरों और एटीएम के अंदर के रिकॉर्ड से पता लगाया जाएगा कि किसने एटीएम कार्ड यूज किया और कौन वहां से नोट उठाकर ले गया। क्योंकि उस दौरान काफी तादाद में नोट बाहर निकल गए थे, उससे एजेंसी को नुकसान हुआ है।
तकनीकी विशेषज्ञ ने एटीएम मेंटीनेंस प्रबंधक को बताया कि यह गड़बड़ी निर्धारित ट्रै में रुपए नहीं रखने के कारण हुई है। कहा जा रहा है कि 100 रुपए के नोट की ट्रै में 500 रुपए के नोट रखे गए थे। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञ ने अपनी रिपोर्ट का पूरी तरह से खुलासा नहीं किया है।










