अजमेर में अगरबत्ती निर्माता की एक करोड़ की अघोषित आय उजागर
अजमेर. आयकर महकमे को अगरबत्ती निर्माता की फैक्ट्री और प्रतिष्ठानों पर किए गए सर्वे में 1 करोड़ 5 लाख रुपए की अघोषित संपत्ति और आय मिली है। व्यापारी के प्रतिष्ठानों से मिले संपत्ति और अन्य व्यवसाय में निवेश के दस्तावेज जब्त कर जांच की जा रही है।
आयकर आयुक्त पीडी मीणा ने बताया कि अगरबत्ती फैक्ट्री, गोदाम और दफ्तर की जांच में 65 लाख रुपए की अघोषित संपत्ति,स्टॉक और आय मिली है।
वैशालीनगर स्थित दुकान पर की गई सर्वे कार्रवाई में 30 लाख रुपए का अघोषित स्टॉक, सामान बिक्री, खरीद के दस्तावेज और नकद राशि मिली है। स्टेशन के सामने स्थित रेडिमेड कपड़ों के शो रूम में दस लाख का अघोषित स्टॉक और नकदी मिली।
अघोषित आय एवं संपत्ति पर व्यापारी ने टैक्स व जुर्माना देना मंजूर किया है। मीणा ने बताया कि व्यापारी के वैशालीनगर स्थित रेस्तरां और प्लाजा सिनेमा के सामने स्थित कलर लैब पर किए गए सर्वे में दस्तावेज जब्त किए गए हैं। उनकी जांच की जा रही है।
अगरबत्ती निर्माता के यहां से संपत्ति के साथ दूसरे कामों में किए गए निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं, लेकिन निर्माता ने उन्हें अघोषित नहीं माना है। इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को व्यवसायी के पांच प्रतिष्ठानों पर एक साथ सर्वे कार्रवाई की गई थी, जो बुधवार सुबह 4 बजे तक चलती रही।










