अजमेर में संदिग्ध की मौत
अजमेर. अजमेर जिले में स्वाइन फ्लू ने बुधवार को भी कहर बरपाया। जेएलएन अस्पताल में स्वाइन फ्लू के एक संदिग्ध रोगी की मौत हो गई जबकि सी श्रेणी के स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक गर्भवती महिला की हालत गंभीर है। सी श्रेणी में एक बच्च भी भर्ती हुआ।
बी श्रेणी में 5 संदिग्ध रोगी अस्पताल पहुंचे, जिन्हें निगरानी में रखा गया है। मेयो गल्र्स स्कूल में उपचाररत स्वाइन फ्लू पीड़ित छात्राओं के स्वास्थ्य में सुधार बताया गया है लेकिन अब स्टाफ के दो कर्मचारी स्वाइन फ्लू के संदिग्ध पाए गए हैं।
इससे चिकित्सा विभाग फिर सकते में आ गया है। माखुपुरा स्थित राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल से घर लौट चुकीं दो पॉजीटिव छात्राओं के संपर्क में आई 10 छात्राओं की बुधवार को जांच की गई।
शेष 250 छात्राओं की गुरुवार को जांच की जाएगी।
इस बीच जिले में साधारण फ्लू के 520 रोगी सामने आए। जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पीके सारस्वत ने बताया कि स्वाइन फ्लू के सी श्रेणी के संदिग्ध रोगी अजयसर निवासी शेरू चीता को मंगलवार को जेएलएन अस्पताल के मेल वार्ड में भर्ती किया गया था।
हालत गंभीर होने के मद्देनजर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। बुधवार दोपहर 12.30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। जयपुर से उसके स्वाब व कल्चर के नमूनों की जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
सीएमएचओ बीएल फानण ने बताया कि शेरू के घर के आसपास सर्वे कराया गया। प्राचार्य सारस्वत के मुताबिक सबसे खतरनाक सी श्रेणी के स्वाइन फ्लू से ही पीड़ित 26 वर्षीय गर्भवती सुमित्रा जिले के अरांई से लाई गई, जिसे आइसोलेशन वार्ड के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
स्थिति गंभीर होने और बायोलेटल निमोनिया होने के कारण उसे शीघ्र वेंटिलेटर पर रखा जाएगा। बुधवार को ही सी श्रेणी के स्वाइन फ्लू में एक बच्चे को भर्ती कर नमूने जयपुर भेजे गए। बी 1 श्रेणी के 5 रोगी आए, जिन्हें टेमी फ्लू देकर निगरानी में रखा गया है।
48 घंटे बाद आवश्यकता होने पर इनके स्वाब व कल्चर के नमूने लिए जाएंगे। ए श्रेणी के 26 लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे, जिन्हें भी दवा देकर निगरानी में रखा गया है।
बुधवार को आए मरीज
सी श्रेणी : 03
बी 1 श्रेणी : 05
ए श्रेणी : 26
दस छात्राओं की जांच, 250 की आज
माखुपुरा स्थित राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज द्वारा अधिग्रहीत निजी हॉस्टल में दो छात्राएं स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मिलने के मद्देनजर छात्राओं की स्क्रीनिंग की जा रही है।
बुधवार को 10 छात्राओं की जांच की गई जबकि शेष 250 छात्राओं की स्क्रीनिंग गुरुवार को होगी। प्राचार्य एमसी गोविल ने बताया कि मंगलवार को स्वाइन फ्लृ पीड़ित पाई गई दोनों छात्राओं को घर भेज दिया गया था।
इनके संपर्क में आई 10 छात्राआंे को बुधवार को जांच के लिए ले जाया गया। गुरुवार को परिसर में स्थित हॉस्टल की 250 छात्राओं को जांच के लिए सैटेलाइट अस्पताल ले जाया जाएगा। इधर, कॉलेज में अवकाश घोषित करने की चिकित्सा विभाग से मिली सलाह पर प्राचार्य ने कहा कि इससे परीक्षाओं की तैयारियां प्रभावित होंगी। छात्राएं स्वस्थ, सुरक्षित हैं।
साधारण फ्लू के 520 रोगी
जिले में बुधवार को ए श्रेणी के स्वाइन फ्लू के 508 रोगी सामने आए। विभिन्न ब्लॉकों से सीएमएचओ कार्यालय पहुंची रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 3659 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें आईएलआई के 520 लोग मिले।
3139 अन्य मरीज सामने आए। स्वाइन फ्लू ए श्रेणी में 508, बी 1 श्रेणी में 11 लोग शिकार पाए गए। इनमें 8 लोगों को टेमी फ्लू देकर निगरानी में रखा गया है।










