मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे वकील
बीकानेर. हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 94 वें दिन जारी रही। हड़ताल को अब सौ दिन पूरे होने हैं और इसके बाद वकीलों ने आमरण अनशन पर बैठने का फैसला लिया है। यह निर्णय आंदोलन की संभागीय संघर्ष और परामर्श दात्री समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में समिति के सभी पदाधिकारियों और वकीलों ने यह भी निर्णय लिया कि वे मुख्यमंत्री का बीकानेर आने पर घेराव करेंगे। इसके अलावा अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सांसद अजरुनराम मेघवाल के साथ केन्द्रीय विधि मंत्री से मिलेगा।
रामकृष्ण दास गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम चुनाव के दौरान बीकानेर आने वाले मंत्रियों का घेराव नहीं किया जाएगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि चुनाव के बाद शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं वकीलों का धरना और क्रमिक अनशन न्यायालय परिसर में जारी रहा। बुधवार को क्रमिक अनशन पर एडवोकेट सुरेन्द्रसिंह देवड़ा, लाडूराम पंवार, मजीद अली, तारांचद जनागल, सुभाष शर्मा, हबीब मौलानी, अरुण पुरोहित आदि बैठे।










