3 संदिग्ध, 2 पॉजिटिव
उदयपुर. एमबी अस्पताल में तीन और रोगियों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर संदिग्ध रोगी मानते हुए जांच नमूने एसएमएस जयपुर स्थित प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। दूसरी तरफ डॉ. लाल पैथ लेब्स पर हुए जांच में दो रोगियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई है।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रभाव से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इंडियन एकेडमी ऑफ पीडिएट्रिक्स (आईएपी), इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), होटल एसोसिएशन तथा शिक्षा विभाग से सहयोग लेने का निश्चय किया है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्री में विभिन्न एसोसिएशनों की बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
दो उदयपुर व एक राजसमंद से : एमबी अस्पताल में बुधवार को उदयपुर के दो युवकों में तथा राजसमंद के एक युवक को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी मानते हुए जांच नमूने जयपुर भेजे हैं।
बताया गया कि तीनों रोगियों में सर्दी, जुकाम, खांसी, सिरदर्द, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। राजसमंद के कुभंलगढ़ क्षेत्र से आए इस संदिग्ध रोगी की उम्र 27 वर्ष जबकि उदयपुर के दोनों युवकों की उम्र 17—17 वर्ष बताई जा रही है। उदयपुर का एक युवक रेलवे कॉलोनी तथा दूसरा बोहरा गणोशजी क्षेत्र का निवासी है। सूत्रों ने बताया कि उदयपुर के दोनों युवक छात्र हैं।
2 पॉजिटिव : एक निम्बाहेड़ा से व दूसरा एनआरआई
डॉ. लाल पैथ लेब्स पर हुई जांच में दो रोगियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई है। इसमें एक रोगी निम्बाहेड़ा से तथा दूसरा रोगी बेदला रोड स्थित गेलेक्सी अपार्टमेंट का रहने वाला है। बताया गया कि गेलेक्सी अपार्टमेंट में रहने वाला 25 वर्षीय यह रोगी एनआरआई है।
जो दो माह पहले अमेरिका से आई है। उदयपुर में वह एनजीओ भी संचालित करती है। उदयपुर आने के बाद वह पुष्कर और दिल्ली जाकर आई थी। यहां आने के बाद उसकी तबियत बिगड़ गई।
इधर, मंगलवार को निम्बाहेड़ा निवासी जिस बालिका की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव थी, उसकी एक रिश्तेदार 16 वर्षीय युवती में भी बुधवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उल्लेखनीय है कि भास्कर ने निम्बाहेड़ा की इस पॉजिटिव रोगी के लापता होने की खबर प्रकाशित की थी।










