भास्कर की आवाज, जनता की पहल
भीलवाड़ा. बाल दिवस पर दैनिक भास्कर के माध्यम से नन्हें अतिथि संपादकों द्वारा की गई अपील पर कई स्वयंसेवी व राजनैतिक संगठन असहाय बच्चों की मदद के लिए आगे आए हैं। कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए स्कूलों में निर्धन बच्चों को स्वेटर वितरित करने का काम शुरू कर दिया गया है।
बुधवार को राजकीय बालिका विद्यालय गांधीनगर में यूथ कांग्रेस की ओर से निर्धन व असहाय बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। शहर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक छीपा व महामंत्री विशाल व्यास ने भास्कर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि भास्कर की सोच समाजहित में है, इस काम में अन्य लोगों को भी आगे आना चाहिए और अधिक से अधिक बच्चों को सहायता देनी चाहिए।
भास्कर के लेख समाज में चेतना पैदा करने का काम करते हैं। कार्यक्रम में मेवाड़ सेवा संस्थान के सचिव नरेश पारीक, अभिषेक शर्मा, पंकज हेमराजानी, इमरान आदि मौजूद थे। संस्था प्रधान ने सभी का आभार जताया।
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की ओर से एकनाथ निलयम केंद्र में जरूरतमंदों को स्वेटर वितरित किए गए। संस्थान के पदाधिकारियों का कहना है कि बच्चों की मदद के लिए आगे आना सबसे अच्छा काम है। सभी ने भास्कर की इस सोच की सराहना की। बच्चों को संस्कार की बाते भी बताई गई।










