बाइक सवार युवकों को लूटा, नाकाबंदी में दो छात्र गिरफ्तार
सीकर. कार सवार दो छात्रों ने बाइक सवार कपड़ा व्यापारी के दो बेटों के साथ मारपीट की और मोबाइल-पर्स लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों में साइड को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब सवा ग्यारह बजे व्यापारी व पूर्व पार्षद पवन रावत के बेटे अनुज और नकुल बाइक से दुकान से घर जा रहे थे। जाटिया बाजार दीवानजी की धर्मशाला के पास कार सवार दो युवकों ने बाइक सवार अनुज और नकुल के साथ मारपीट की और पर्स व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
लूट का शिकार हुए दोनों युवकों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, इस पर डीएसपी और शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान नवलगढ़ रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए गोठड़ा भूकरान निवासी धर्मेद्र पुत्र हरलाल और खंडेला के ढाणी गुमानसिंह निवासी प्रकाश पुत्र सुंडाराम कुमावत से मोबाइल फोन व 1160 रुपए बरामद कर लिए। शहर कोतवाल उगमचंद ने बताया कि धर्मेद्र बीकॉम व प्रकाश एमकॉम का छात्र है।
कार और बाइक सवार युवकों के बीच साइड को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट हो गई थी। उधर, कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा।










